अमित शाह बोले, 10 साल में यूपीए सरकार ने किए 12 लाख करोड़ के घोटाले
भाजपा की जाट लैंड की इस तीसरी बड़ी रैली में जमकर भीड़ उमड़ी। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रैली में डीएलएफ वाड्रा लैंड डील मामले में हुड्डा पर निशाना साधा।
जींद [वेब डेस्क]। भाजपा जाट लैंड में आयोजित गौरव रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने केंद्र की पूर्ववर्ती यूपीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा यूपीए सरकार ने अपने 10 साल के शासनकाल में 12 लाख करोड़ के घोटाले किए, जिनमें हाल ही में उजागर हुआ 20.80 करोड़ डॉलर का रक्षा घोटाला भी शामिल है। उन्होंने डीएलएफ-वाड्रा लैंड डील मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के दामाद को खुश करने के लिए हुड्डा ने पूरे हरियाणा को लूटा। शाह का इशारा प्रियंका गांधी के पति राबर्ट वाड्रा की ओर था।
बता दें, अभी जस्टिस एसएन ढींगरा आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है, लेकिन शाह ने कांग्रेस नेता हुड्डा पर निशाना साधकर अपनी मंशा साफ कर दी है। हरियाणा सरकार जस्टिस ढींगरा की रिपोर्ट के तमाम पहलुओं पर अफसरों और कानून के जानकार लोगों से चर्चा कर चुकी है। अब रिपोर्ट को सार्वजनिक करने का निर्णय भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर है। शाह के निशाना साधने के बाद हुड्डा की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
गौरव रैली में लोगों का अभिवादन स्वीकार करते अमित शाह व अन्य नेता।
शाह ने अपने संबोधन में हरियाणा के कामकाज पर संतुष्टि जताई। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल सरकार ईमानदारी से काम कर रही है। इस सरकार पर कोई भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता है। सरकार पारदर्शी तरीके से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा विकास के पथ पर चल रहा है। राज्य सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में हरियाणा का बड़ा योगदान है। कृषि क्षेत्र में हरियाणा की कई उपलब्धियां हैं। खेल के क्षेत्र में भी हरियाणा ने देश का नाम रोशन किया है। शाह ने 40 हलकों के विकास की बात पर बीरेंद्र सिंह को पूरे हरियाणा में विकास के लिए सोचने को कहा। उन्होंने रैली में कोई बड़ी घोषणा नहीं की।
देखें तस्वीरें : गौरव रैली में गरजे अमित शाह
इससे पहले रैली को संबोधित करने के लिए जैसे ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मंच पर पहुंचे जेबीटी टीचरों ने उन्हें काले झंडे दिखाए। हालांकि पुलिस ने विरोध करने वालों को खदेड़ दिया। रैली में पहुंचने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल व अन्य नेताओं ने पुष्पगुच्छ देकर उन्हें सम्मानित किया। रैली में उमड़ी भारी भीड़ से उत्साहित मनोहर लाल ने बीरेंद्र सिंह के पक्ष में जमकर कसीदे कढ़े। उन्होंने कहा कि बीरेंद्र सिंह को भाजपा ने पूरा मान सम्मान दिया। उन्होंने भी इसकी पूरी लाज रखी है। उन्होंने कहा कि बीरेंद्र सिंह जिस काम को कांग्रेस ने रहते हुए 40 सालो तक नहीं कर पाए वह काम बीरेंद्र सिंह ने भाजपा में रहते हुए कुछ ही दिनों में कर दिए हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी को 24 घंटे बिजली देने के वादे पर कायम है, लेकिन उन्होंने साथ ही यह बात भी दोहराई कि किसी को भी मुफ्त बिजली नहीं मिलेगा।
भाजपा जाटलैंड में ढाई साल में तीसरी बार हुंकार भर रही है। पहले की दो रैलियों की ही तरह इस बार भी रैली को सफल बनाने का जिम्मा केंद्रीय इस्पात मंत्री बीरेंद्र सिंह के कंधों पर है। उन्होंने 2014 में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल होने के लिए सेक्टर-11 में बड़ी रैली कर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को अपनी ताकत दिखाई थी। इसके बाद विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जींद के बड़े बाईपास पर आयोजित रैली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया था। इसके बावजूद भाजपा को जिले की पांच विधानसभा सीटों में से मात्र उचाना विधानसभा सीट (प्रेमलता, केंद्रीय मंत्री की पत्नी) पर ही जीत मिली थी। बावजूद इसके भाजपा नेतृत्व ने बीरेंद्र सिंह को जाटलैंड में पहली बार कमल का फूल खिलाने के इनाम के रूप में केंद्रीय कैबिनेट में शामिल कर ग्रामीण विकास मंत्रालय जैसी अहम जिम्मेदारी सौंपी थी।
हाल ही में हुए मंत्रिमंडल बदलाव में ग्रामीण विकास मंत्रालय लेकर इस्पात मंत्रालय की जिम्मेदारी देने पर विरोधियों के निशाने पर आए केंद्रीय मंत्री ने गत माह 11 सितंबर को जींद में बड़ी रैली आयोजित करने की घोषणा की थी। माना जा रहा है कि वह रैली के दौरान जींद में मेडिकल कॉलेज की आधारशिला व वर्षों से अटके पड़े बाईपास व फोरलेन का भूमि पूजन करवाने सहित आधा दर्जन से अधिक परियोजनाओं की घोषणा करवाकर एक तीर से कई निशाने साधने की तैयारी में हैं।
ये घोषणाएं हुईं और इनके शिलान्यास हुए
घोषणाएं : सुपर एक्सप्रेस वे वाया जींद दिल्ली-कटड़ा, हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी के लिए बधाना में रीजनल सेंटर।
शिलान्यास : मेडिकल कॉलेज, फोरलेन, बाईपास