विश्वासघात दिवस पर सभी जिलों में होंगे बड़े प्रदर्शन : नैन
हरियाणा भर में संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से 31 जनवरी को विश्वासघात दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह बात संयुक्त किसान मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य जोगेंद्र घासीराम नैन ने कही।
संवाद सूत्र, नरवाना : हरियाणा भर में संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से 31 जनवरी को विश्वासघात दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह बात संयुक्त किसान मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य जोगेंद्र घासीराम नैन ने मोर्चे से जुड़े हरियाणा के सभी संगठनों की आनलाइन बैठक में तैयारियों की समीक्षा के बाद लिए गए फैसले के बाद कही।
उन्होंने कहा कि उस दिन जिलास्तर पर भारी संख्या में किसान आक्रोश प्रदर्शनों में भाग लेंगे, जबकि कुछ जगह तहसील स्तर पर भी प्रदर्शन होंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा नौ दिसंबर को दी गई, जिस चिट्ठी के आधार पर किसानों ने अपना मोर्चा उठाया था, उसके लिखित आश्वासन को पूरा न करने के विरोध में किसान विश्वासघात दिवस मना रहे हैं। उस चिट्ठी मे केंद्र सरकार और राज्य सरकारों द्वारा किसानों के विरुद्ध किए गए, केस को वापस लेने और शहीद परिवारों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया था। संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा लिए गए फैसले के हवाले से उन्होंने कहा कि मोर्चा द्वारा मिशन उत्तर प्रदेश के तहत हरियाणा की ओर से कार्यकर्ताओं की टीमें विधान सभा चुनावों में साथ लगते सभी जिलों में जाएंगी और भाजपा के किसान विरोधी चरित्र को बेनकाब करेंगी। इसके अतिरिक्त किसान मोर्चा ट्रेड यूनियनों की 28 और 29 मार्च को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल को पूर्ण रूप से समर्थन देगा।