सीआरएसयू के वीसी का 24 को पूरा होगा कार्यकाल, भर्तियों पर लगी रोक
चौ. रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में चल रही भर्ती प्रक्रिया रोक लगा दी गई है। वीसी प्रो. राजबीर सिंह सोलंकी का कार्यकाल 24 जनवरी को खत्म हो रहा है। 23 और 24 जनवरी का अवकाश है।
जागरण संवाददाता, जींद : चौ. रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में चल रही भर्ती प्रक्रिया रोक लगा दी गई है। वीसी प्रो. राजबीर सिंह सोलंकी का कार्यकाल 24 जनवरी को खत्म हो रहा है। 23 और 24 जनवरी का अवकाश है। जिसके चलते 22 जनवरी उनके कार्यकाल का अंतिम कार्य दिवस होगा। जिसके चलते सरकार के आदेश पर ये रोक लगाई गई है। बुधवार को कंप्यूटर साइंस एप्लीकेशन (सीएसए) के सहायक प्रोफेसर के पदों पर होने वाली भर्ती के साक्षात्कार होने थे। जिन्हें स्थगित कर इसका नोटिफिकेशन मंगलवार रात को ही साइट पर डाल दिया गया। विश्वविद्यालय में 19 विभागों में 100 से ज्यादा टीचिग स्टाफ के पद हैं। जिनमें से करीब 80 पदों पर स्थाई भर्ती होनी बाकी है। वहीं नॉट टीचिग डिपार्टमेंट में भी भर्तियां होनी हैं। स्थाई भर्तियों के लिए कुछ माह से प्रक्रिया चल रही थी और विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार लिए जा रहे थे। मंगलवार को भी फिजिक्स में सहायक प्रोफेसर पद की भर्ती के लिए साक्षात्कार हुआ था। बताया जा रहा है कि वीसी का कार्यकाल पूरा होने का हवाला देते हुए किसी ने इसकी शिकायत उच्चतर शिक्षा विभाग को कर दी। जिसके बाद उच्चतर शिक्षा विभाग की तरफ से भर्तियां रोकने की हिदायत दी गई। बता दें कि जनवरी 2018 में प्रो. सोलंकी को तीन साल के लिए स्थायी वीसी बनाया गया था। इससे पहले वह छह महीने तक कार्यकारी वीसी का कार्यभार संभाल रहे थे। कार्यकारी वीसी से पहले प्रो. सोलंकी विवि में ही डीन ऑफ कॉलेज थे।
भर्तियों को लेकर पहले भी रहा विवाद
पिछले साल जब भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई। उस समय नियुक्तियों को लेकर चयन कमेटी की मीटिग में विवाद हुआ था। मीटिग में मौजूद प्रो. संदीप बेरवाल ने धांधली के आरोप लगाए थे। जिसमें उन्होंने चयन कमेटी के सदस्यों के साथ-साथ वीसी प्रो. आरबी सोलंकी और रजिस्ट्रार प्रो. राजेश पूनिया पर भी गंभीर आरोप लगाए थे और वे धरने पर बैठ गए थे। चयन कमेटी के सदस्यों से दुर्व्यवहार के मामले में प्रो. बेरवाल को सस्पेंड कर दिया गया था।
आज होगी ईसी की मीटिग
सीआरएसयू की कार्यकारी परिषद (ईसी) की मीटिग वीरवार को होगी। इस मीटिग में विश्वविद्यालय से संबंधित विभिन्न मुद्दों के साथ-साथ जिन पदों के लिए साक्षात्कार हो चुके हैं, उनमें चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति पर फैसला होना था। लेकिन भर्ती प्रक्रिया पर रोक के कारण ये नियुक्तियां नहीं होंगी। ईसी की मीटिग तो होगी, जिसमें बाकी एजेंडा पर चर्चा की जाएगी।
वर्जन
विभिन्न पदों पर भर्तियों के लिए प्रक्रिया चल रही थी। सरकार के आदेश पर भर्तियां रोक दी गई हैं। 24 जनवरी को कार्यकाल पूरा होना है। 23 को शनिवार और 24 जनवरी को रविवार है। इसलिए 22 जनवरी तक का समय है। विश्वविद्यालय तरक्की करे और विद्यार्थियों को क्वालिटी एजुकेशन मिले। यही उनकी प्राथमिकता रही। वीरवार को ईसी की मीटिग होगी।
प्रो. आरबी सोलंकी, वीसी