बचन को गढ़ में मिली कम लीड, पिल्लूखेड़ा बेल्ट ने गांगोली को दिलाई बढ़त
विधान सभा चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष गांगोली ने कड़े मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी बचन सिंह आर्य को 365
दलजीत सिंह, सफीदों
विधान सभा चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष गांगोली ने कड़े मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी बचन सिंह आर्य को 3658 मतों से हरा कर विधानसभा का रास्ता पक्का किया। कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष गांगोली को कुल 57468 मत प्राप्त हुए जबकि उनके निकटम प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी बचन सिंह आर्य को 53810 मत प्राप्त हुए हैं। सबसे आखिर में कर्मचारियों की वोटों की गिनती की गई जिसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष गांगोली को 3658 मतों से विजयी घोषित किया गया। अन्य सभी प्रत्याशी अपनी जमानत बचाने में सफल नहीं हो पाए व कोई भी प्रत्याशी आठ ह•ार को पार नहीं कर सका। सुभाष गांगोली की जीत में सबसे अहम योगदान कांग्रेस के परम्परागत वोट बैंक का वापस आना तथा जाट वोट का सुभाष गांगोली की तरफ एकतरफा जाना रहा है। भाजपा प्रत्याशी बचन सिंह आर्य को उनके गढ़ के गांवों से ज्यादा लीड नहीं मिल पाना व ब्राह्मण वोट बैंक का भाजपा से नाराज होना उनकी हार का मुख्य कारण बताया जा रहा है। रही सही कसर लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के प्रत्याशी विजय सैनी द्वारा करीब 5600 वोट ले कर भाजपा प्रत्याशी के वोट बैंक में सेंध लगा कर उनकी की हार का कारण बनी है। बचन सिंह आर्य को उनके गढ़ में जीत के मुताबिक लीड नहीं मिल पाई, जबकि सुभाष गांगोली को उनके गढ़ के मतदाताओं ने जीत के अनुरूप भरपूर लीड दी जिस कारण जैसे ही मतगणना पिल्लूखेड़ा ब्लॉक में पहुंची तो कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष गांगोली ने भाजपा प्रत्याशी बचन सिंह आर्य की लीड राउंड दर राउंड कम करते रहे और 13 वें राउंड में भाजपा प्रत्याशी बचन सिंह आर्य पर 2516 वोटों की लीड हासिल कर ली जिसको आखिरी राउंड में बढ़ा कर 3693 कर जीत हासिल कर ली। सबसे आखिर में कर्मचारियों की वोटों की गिनती की गई, कुल 525 बेल्ट पेपर वोटों में से भाजपा को 250, कांग्रेस को 215 वोट हासिल करने में कामयाब रही, जिसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष गांगोली 3658 मतों से विजयी रहे। --भाजपा व कांग्रेस को छोड़ कर किसी की नहीं बची जमानत
जेजेपी प्रत्याशी दयानन्द कुंडू ने 7751 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे, चौथे स्थान पर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे राजबीर शर्मा रहे उनको 7345 मत प्राप्त हुए वहीं पांचवें स्थान पर लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के प्रत्याशी विजय सैनी रहे जिनको कुल 5609 मत प्राप्त हुए। लेकिन इनमें से कोई भी प्रत्याशी अपनी जमानत तो नहीं बचा पाया है, लेकिन भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशी के वोट बैंक में सेंध लगा कर चुनाव को दिलचस्प बना दिया।
11वें राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी को मिली 4491 मतों लीड
भाजपा प्रत्याशी बचन सिंह आर्य पहले राउंड में 98 मतों से पिछड़े। इसके बाद छठे राउंड तक कांग्रेस प्रत्याशी पर 11151 की लीड बना ली थी, लेकिन सातवें राउंड से कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष गांगोली ने उनकी लीड को कम कर शुरू कर दिया जो कि आखिरी राउंड तक जारी रहा। 11वें राउंड में सुभाष गांगोली के गढ़ कहे जाने वाली देशवाली बेल्ट में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी पर 4491 मतों से बढ़त बनाई, जोकि सभी 14 राउंड में सबसे ज्यादा रही। बचन सिंह आर्य को खेड़ा खेमावती व डिडवाड़ा गांव को छोड़ कर किसी गांव ने एकतरफा वोट नहीं दिए हैं। उनको सबसे ज्यादा लीड सफीदों शहर से मिली है।