पोषण संबंधी स्थिति को सुधारना ही पोषण का लक्ष्य : डा. बीपी राणा
पांडू-पिडारा के कृषि विज्ञान केंद्र में पोषण माह के तहत इफको के सहयोग से पोषण विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें समाज कल्याण विभाग की तरफ से सुपरवाइजर आंगनबाड़ी वर्कर्स प्रगतिशील महिला किसानों ने भागीदारी की।
जागरण संवाददाता, जींद : पांडू-पिडारा के कृषि विज्ञान केंद्र में पोषण माह के तहत इफको के सहयोग से पोषण विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें समाज कल्याण विभाग की तरफ से सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी वर्कर्स, प्रगतिशील महिला किसानों ने भागीदारी की। इफको के क्षेत्र अधिकारी डॉ. अभय सिंह यादव ने कार्यक्रम में इफको गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। केंद्र के प्रभारी डॉ. बीपी राणा ने बताया कि पोषण अभियान का लक्ष्य कुपोषण के कारण पैदा हुई चुनौतियों को दूर करना है। सितंबर महीने को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाने का फैसला लिया गया है। पोषण अभियान के तहत अल्पपोषण, एनीमिया, विकास में रूकावट, जन्म के समय बच्चे का वजन कम होने जैसी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य योजना बनाई जाती हैं। अभियान का मकसद 6 साल तक के बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के पोषण संबंधी स्थिति को सुधारना है। डॉ. आरडी पंवार ने बताया कि समुदाय में लोगों को शुद्ध पेयजल निश्चित करना, मल का सुरक्षित निपटान करना, शौचालय का उपयोग करना, लड़कियों की शिक्षा, आहार व सही उम्र में विवाह के लिए प्रोत्साहित करना बहुत जरूरी है। महिला सुपरवाइजर सुशीला देवी, कमला रानी, मनीष ने गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं, बच्चों, किशोरियों के संतुलित आहार, खानपान, व्यक्तिगत स्वच्छता संबंधित जानकारी प्रदान की।