स्वजनों को खाने में नशीला पदार्थ दे युवक संग फरार हो गई लड़की
जागरण संवाददाता, जींद : शहर के राज नगर में एक लड़की अपने स्वजनों को खाने में नशीला पदार्थ देकर रात को
जागरण संवाददाता, जींद : शहर के राज नगर में एक लड़की अपने स्वजनों को खाने में नशीला पदार्थ देकर रात को युवक के साथ फरार हो गई। सुबह युवती के परिवार के 5 लोगों को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। लड़की की मां की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने लड़की के खिलाफ नशीला पदार्थ खिलाने का मामला दर्ज किया है।
राज नगर निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 22 वर्षीय बेटी की पांच जुलाई को शादी तय की गई है। एक जुलाई की रात को परिवार के लोग खाना खाकर सो गए लेकिन सुबह किसी की भी नींद नहीं खुली। उसकी बेटी बिस्तर से गायब मिली। सुबह नहीं उठने पर दूसरे लोगों ने उन्हें नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। बेटी के गायब होने पर स्वजनों ने हर जगह तलाश और पूछताछ की, लेकिन उसकी बेटी का कोई सुराग नहीं लग पाया। महिला ने आरोप लगाया कि रात को उसकी बेटी ने खाने में कोई नशीला पदार्थ मिलाया था। इस कारण परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो गए थे।
सीसीटीवी फुटेज में लड़के के साथ जाते दिखाई दी लड़की
महिला के घर के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया गया तो इसमें उसकी बेटी एक लड़के के साथ जाते दिखाई दी। महिला ने बताया कि उसने एक व्यक्ति के खिलाफ पैसे मांगने के आरोप में पुलिस को शिकायत दी हुई है। वही व्यक्ति उसकी लड़की को बहला-फुसलाकर ले गया है। उसके दबाव में ही उसकी बेटी ने उसे खाने में नशीला पदार्थ दिया है। शहर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।