2 ने दी कोरोना को मात, 6 नए मामले आए सामने
जागरण संवाददाता, जींद : जिले में शुक्रवार को दो लोगों ने कोरोना को मात दी है और छह नए मामले सामने आए
जागरण संवाददाता, जींद : जिले में शुक्रवार को दो लोगों ने कोरोना को मात दी है और छह नए मामले सामने आए हैं। कजाकिस्तान से लौटे पॉजिटिव एमबीबीएस छात्र बेटे के संपर्क में आने से मां भी संक्रमित हो गई। हिमाचल से लौटा टावर मेंटेनेंस करने वाला अर्बन एस्टेट का व्यक्ति भी पॉजिटिव पाया गया। दादी व भाई के साथ मुम्बई से लौटी किशोरी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके अलावा गुरुग्राम से लौटा फैक्टरी मालिक तथा प्रयागराज से लौटा व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित मिला है। इसके साथ ही कोरोना संक्रमितों का कुल आंकडा जहां 121 पर पहुंच गया है, जिसमें से 94 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केसों की संख्या 22 हो गई है। पांच लोगों की मौत हो चुकी है। सिविल सर्जन डा. मनजीत सिंह ने कहा कि शुक्रवार को छह लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव आने वाले लोगों को घर पर ही क्वारंटाइन किया गया है। उनके संपर्क में आने वालों की हिस्ट्री खंगाली जा रही है।
मुंबई से दादी संग लौटी पोती मिली संक्रमित
गांव तारखां निवासी 16 वर्षीय किशोरी एक जुलाई को अपनी 62 वर्षीय दादी व भाई के साथ मुंबई से ट्रेन में सफर कर पानीपत पहुंची थी। तीनों को उसके ताऊ का बेटा गाड़ी से तारखा गांव में लेकर आया था। दो जुलाई को तीनों के सैंपल हुए थे। शुक्रवार को मिली रिपोर्ट में किशोरी पॉजिटिव पाई गई।
हिमाचल से लौटा टावर मेंटीनेंस का काम करने वाला संक्रमित
अर्बन एस्टेट निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति टावर मेंटीनेंस का कार्य करता है। इसके चलते वह पंजाब, हिमाचल तथा चंडीगढ़ गया था। गत 26 जून को वह घर वापस लौटा था, बुखार तथा खांसी होने पर एक जुलाई को सामान्य अस्पताल में सैंपलिग करवाई गई थी। इसकी रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आई है।
डिटरजेंट फैक्टरी में काम करने वाला व्यक्ति मिला पॉजिटिव
भिवानी रोड के विकास नगर का 39 वर्षीय व्यक्ति डिटरजेंट की फैक्टरी किए हुए है। इसी सिलसिले में वह गुरुग्राम गया था। इसके बाद व्यक्ति को खांसी तथा बुखार हो गया। एक जुलाई को सैंपल दिया था, जिसकी शुक्रवार को मिली रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
प्रयागराज से लौटा व्यक्ति भी संक्रमित
आशरी गेट निवासी 35 वर्षीय व्यक्ति कामकाज के सिलसिले में प्रयागराज गया था। गत 25 जून को व्यक्ति ने वहां से घर वापसी की थी। व्यक्ति को बुखार तथा खांसी होने पर उसे नागरिक अस्पताल में सैंपल के लिए लाया गया। शुक्रवार को मिली रिपोर्ट में यह व्यक्ति भी संक्रमित मिला।
गारमेंटस का सामान सप्लाई करने वाले की रिपोर्ट भी पॉजिटिव
सफीदों निवासी 30 वर्षीय व्यक्ति दुकानों पर गारमेंटस का सामान सप्लाई का कार्य करता है। इसके चलते युवक का दिल्ली व अन्य इलाकों में आवागमन रहता है। युवक को कुछ दिनों से बुखार तथा खांसी थी। इसके चलते युवक का एक जुलाई को सफीदों के नागरिक अस्पताल में सैंपल लिया गया। इसकी रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आई है।
कोरोना पॉजिटिव युवक की मां को हुआ कोरोना
संवाद सूत्र, नरवाना : 22 जून को कजाकिस्तान से वापस लौटे नरवाना के प्रेमनगर निवासी युवक 23 जून को कोरोना संक्रमित मिला था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा युवक को घर में ही क्वारंटाइन कर दिया गया था। घर में क्वारंटाइन करने के बाद उसकी मां उसके संपर्क में आई थी। एक जुलाई को नागरिक अस्पताल में कोरोना टेस्ट करवाने पर उसकी मां भी संक्रमित मिली।