कन्याओं के इंतजार के साथ संपन्न हुआ अष्टमी का पूजन
जागरण संवाददाता झज्जर अष्टमी नवरात्र के दिन श्रद्धालुओं को कन्या पूजन के लिए कन्याओं की क
जागरण संवाददाता, झज्जर : अष्टमी नवरात्र के दिन श्रद्धालुओं को कन्या पूजन के लिए कन्याओं की कमी से जूझना पड़ा। अपने घरों में कन्या का पूजन और भोजन करवाने के लिए श्रद्धालुओं को काफी समय तक इंतजार करना पड़ा। स्थिति यह थी परिवार की एक महिला सदस्य रसोई में कन्याओं के लिए भोजन तैयार कर रही थी तो दूसरे सदस्य कन्याओं को बुलाने के लिए डोर टू डोर जा रहे थे। एक मकान से जैसे ही कन्याएं भोजन करके निकलती थी तो दूसरे लोग कन्याओं को उनके घर भोजन करने का अनुरोध करते थे। जिसके चलते सुबह के समय कन्याओं को भोजन कराने की होड़ मची रही। उधर, शहर में विभिन्न स्थानों पर भंडारों का भी आयोजन किया गया। अंबेडकर चौक सहित मां जगदम्बा मंदिर में कन्याओं का विधिवत पूजन करते हुए भोजन करवाया। कन्याओं को भोजन करवाने के बाद भंडारा भी लगाया गया। जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। हालांकि, रविवार छुट्टी का दिन होने के कारण कुछ राहत जरूर रही। चूंकि, बच्चियां अपने स्कूल नहीं गई थी। इसलिए दबाव अन्य दिनों की अपेक्षा कम रहा। जबकि कुछेक परिवारों ने तो बेटियों के नाम ही घर में थाली रखते हुए पूजन संपन्न किया।