सीरो सर्वे में अब तक 1438 लोगों को लिया गया सैंपल, आज अंतिम दिन
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुरू किए गए सीरो सर्वे के दौरान अब तक 1438 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। सर्वे के दूसरे दिन भी भारी संख्या में लोगों के सैंपल लिए गए। शुक्रवार को सर्वे का अंतिम दिन है। विभाग की ओर से 1600 सैंपल लेने का लक्ष्य रखा गया है।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़: स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुरू किए गए सीरो सर्वे के दौरान अब तक 1438 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। सर्वे के दूसरे दिन भी भारी संख्या में लोगों के सैंपल लिए गए। शुक्रवार को सर्वे का अंतिम दिन है। विभाग की ओर से 1600 सैंपल लेने का लक्ष्य रखा गया है। यह लक्ष्य शुक्रवार को पूरा कर लिया जाएगा। सीरो सर्वे के दौरान हर आयु ग्रुप में यह पता लगाया जा रहा है कि कोरोना वायरस से लड़ने के लिए इम्युनिटी कितने लोगों में बनी है। स्वास्थ्य विभाग की डीएमओ डा. सरिता गौरी ने बताया कि बहादुरगढ़ में यह सर्वे गांव छारा, दहकौरा, परनाला व मुकुंदपुर में किया गया। शहरी क्षेत्र में वार्ड 10, 19, 23, 26 व 27 में किया गया। हर जगह 44 सैंपल लेने का लक्ष्य रखा गया था। शहरी क्षेत्र में 176 सैंपल अब तक लिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस सर्वे में सैंपल लेने के लिए तीन आयु वर्ग बना रखे हैं। सर्वे में 60 फीसद सैंपल 18 से अधिक उम्र के लोगों के, 30 फीसद 10 से 17 साल के किशोरों के तथा 10 फीसद सैंपल 10 से कम उम्र के बच्चों के लिए जा रहे हैं। इसमें यह भी पता लगाया जाएगा कि किस उम्र के लोगों में कितनी इम्युनिटी बनी है। सीरो सर्वे के आधार पर ही कोरोना महामारी को लेकर आगामी तैयारियां की जाएंगी, ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सके। स्वास्थ्य विभाग महामारी की रोकथाम को लेकर पूरी तरह से सजग दिखाई दे रहा है।