भूमि पूजन उत्सव के साथ भूमि सुपोषण एवं संवर्धन अभियान का श्री गणेश
भारतीय नववर्ष प्रतिपदा के अवसर पर 40 से अधिक स्थानों पर भूमि पूजन उत्सव के साथ ही भूमि सुपोषण एवं संवर्धन अभियान का श्री गणेश हुआ।
जासं, झज्जर : भारतीय नववर्ष प्रतिपदा के अवसर पर 40 से अधिक स्थानों पर भूमि पूजन उत्सव के साथ ही भूमि सुपोषण एवं संवर्धन अभियान का श्री गणेश हुआ। भारतीय किसान संघ के प्रांत संगठन मंत्री सुंदरलाल के मार्गदर्शन में भूमि पूजन उत्सवों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में सैकड़ों लोगों ने जहरीली होती भूमि व जल को बचाने का संकल्प लिया।
अभियान के तहत झज्जर व बहादुरगढ़ शहरी नगरीय क्षेत्रों के अलावा गांव बमरोली, माजरा डी, नूना माजरा, जरदकपुर, दुल्हेड़ा, खरहर, जाखौदा, पेलपा, कबलाना, बाढ़सा, फतेहपुर, बेरी, दादरी तोए, लुहारी, कुलाना, पाटोदा, हसनपुर, मातनहेल, साल्हावास आदि स्थानों पर हवन यज्ञ के कार्यक्रम हुए। बहादुरगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ के संगठन मंत्री सुंदरलाल ने कहा है कि भूमि सुपोषण व जल संरक्षण अभियान जहर मुक्त खेती का महा अभियान है। किसान के लिए खेती व्यापार नहीं, बल्कि एक संस्कृति है, इसलिए इस अभियान के जरिए भूमि, जल व संस्कृति की रक्षा की पहल किसान व आम जन ने शुरू की है। सुंदरलाल ने कहा कि यह अभियान बड़ा जन आंदोलन बनेगा और ऐसे अथीयान की आज के समय की बड़ी आवश्यकता है।
किसान संघ संगठन महामंत्री ने कहा कि किसान प्रकृति का सबसे बड़ा मित्र हैं और किसान के लिए भूमि मां जैसी है लेकिन प्रदूषण के नाम पर किसान को बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भू जलस्तर 10 से 15 फुट नीचे जा चुका है, जो भविष्य गंभीर पेयजल के संकट का खतरा खड़ा हो रहा है।
अभियान के शुभारंभ में जिला संयोजक भारतीय किसान संघ जिला अध्यक्ष सतीश छिकारा, सह जिला संयोजक सुरेंद्र सिंह, पिताम्बर बेरी, भास्कर, गुरदास, मीडिया प्रभारी मनमोहन, नवीन, खुशविन्द्र, अजेन्द्र, मनोज, अनिल, संदीप, कृष्ण दत्त, दयानंद आदि का अलग-अलग स्थानों पर मार्गदर्शन मिला।