शिवपुराण कथा आत्मा और परमात्मा के मिलन की कथा
हर सास में हो सुमरिन तेरा यू बीत जाएं जीवन मेरा भगवान शिव की पूजा हमें प्रकृति से जोड़ती है सुनील दत्त शास्त्री
जागरण संवाददाता, झज्जर : शिव की शक्ति दुनिया की सबसे बड़ी शक्ति है। जिसे पाने के लिए मानव ही नहीं बल्कि देवता भी आतुर रहते हैं। यह उद्गार बेरी गेट शिव मंदिर में कथा व्यास देवाचार्य सुनील दत्त शास्त्री ने श्रावण मास के उपलक्ष्य में आयोजित दसवें दिन श्रीशिव महापुराण कथा में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि शिव कृपा अनंत है। शिव महापुराण कथा आत्मा और परमात्मा के मिलन की कथा है। भगवान शिव की महिमा संपूर्ण जगत में व्याप्त है। भगवान शिव की पूजा हमें प्रकृति से जोड़ती है। शिव सारे जग के पालन हार है और सबके आराध्य है। इससे पूर्व श्री गणेश, शिव पूजन के साथ यज्ञमान एवं श्रद्धालुओं ने कथा व्यास को तिलक किया। कथा व्यास ने श्रीशिवपुराण को प्रणाम कर देवी देवताओं का आह्वान करते हुए उपस्थित भक्तों, महिला सत्संग मंडली का आभार व्यक्त कर कथा आरम्भ की। उन्होंने कहा कि मांगना है तो भोले बाबा से भक्ति मांगो।
व्यक्ति को प्रतिदिन थोड़ा समय निकालकर शिव नाम का सुमिरन अवश्य करना चाहिए। कथा के दौरान जय गणेश जय गणेश महादेवा, हर सास में हो सुमरिन तेरा, यू बीत जाएं जीवन मेरा, तेरे पूजा करते बीते सांझ, सवेरा.. बिन पिये नशा हो जाता है, जब सूरत देखूं भोले की.नितिन सक्सेना एवं भजन गायक वेद प्रकाश सहित संगीतकारों ने मधुर भजन सुनाकर भाव विभोर कर दिया। आरती के बाद प्रसाद वितरण, भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। भक्त शेर सिंह सैनी ने बताया कि सायं चार से सात बजे तक रोजाना शिव महापुराण कथा का वाचन किया जा रहा है। नगरवासियों व महिला सत्संग मंडली, शिव मन्दिर के सहयोग से धार्मिक कार्यक्रम किया जा रहा है। इस मौके पर भक्त शेर सिंह सैनी, सोनू, पंडित प्यारे लालशर्मा, मनोहर लाल शिव मंदिर महिला सत्संग मंडली सहित बेरी गेट के भक्तों ने कथा श्रवण एवं भजनों का आनन्द लिया।