सुबह-शाम कंपकंपाती ठंड तो दोपहर में खिली धूप से मिली राहत
बरसात के बाद ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। तापमान में गिरावट के साथ ठंड अपना असर दिखा रही है।

जागरण संवाददाता, झज्जर :
बरसात के बाद ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। तापमान में गिरावट के साथ ठंड अपना असर दिखा रही है। सुबह-शाम व रात के समय ठंड अधिक होने के कारण लोग कंपकंपाते नजर आते हैं। रविवार रात को हुई बरसात के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे बनाया हुआ है। जिसके कारण लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। जिसका असर लोगों के जनजीवन पर भी देखने को मिलता है। लोग ठंड के कारण घरों से बाहर निकलने में भी परहेज करते हैं। साथ ही गर्म वस्त्रों व अलाव आदि का सहारा ले रहे हैं। ताकि ठंड से बचा जा सके। हालांकि, ठंड से बचने के उपायों भी विफल होते नजर आए। कुल मिलाकर, हर किसी को ठंड परेशान कर रही है।
दिन भर धूप निकलने के दौरान ठंडी हवाएं भी कोई कसर नहीं छोड़ती। वाहन चालक भी ठंड की मार झेलते हैं, खासकर दुपहिया वाहन चालक। अन्य दिनों की तर्ज पर शुक्रवार को सुबह की शुरूआत ठंड के साथ हुई। ठंड ने लोगों को कंपकंपाने का काम किया। साथ ही दोपहर को धूप खिली। जिससे तापमान बढ़ने के साथ-साथ ठंड से भी राहत मिली। लोग भी धूप सेंकते नजर आए। बच्चे भी धूप खिलने के बाद पार्कों में खेलते दिखे। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने के साथ-साथ 8 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने की उम्मीद है। आगामी दिनों में भी ठंड का असर बरकरार रहने का अनुमान है। जिसका लोगों को सामना करना पड़ेगा। इधर, ठंड का स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। ठंड की चपेट में आने से बुखार व खांसी-जुकाम आदि के मरीजों में भी इजाफा देखने को मिला। खासकर बुजुर्ग व बच्चे ठंड की चपेट में आने की अधिक संभावना रहती है। जिसके कारण चिकित्सक भी लोगों को खानपान व रहन-सहन में सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
Edited By Jagran