शहर में गंदगी से अटे पड़े पार्क और गलियां, लोग परेशान
जागरण संवाददाता झज्जर शहर में लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए पार्क इन दिनों लोगों के
जागरण संवाददाता, झज्जर : शहर में लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए पार्क इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। कई पार्कों की स्थिति यह है कि वहां पर लोग जाने के लिए तैयार ही नहीं हैं। इन पार्कों में बड़ी-बड़ी घास में कीड़े-मकोड़े के छिपे होने का डर लोगों को सता रहा है। जबकि मंडी के पास स्थित पार्क में पानी भरा होने और चारों ओर कूड़ा फैला होने के चलते लोगों के लिए समस्या बनी हुई है। पार्कों की स्थिति खराब होने के चलते लोग सड़कों पर टहलने के लिए मजबूर हैं। वहीं वार्ड एक की मुख्य गली में गंदगी पसरी होने से लोग परेशान हैं।
शहर में करीब एक दर्जन पार्क लोगों के लिए सुबह व शाम टहलने के लिए बनाए गए थे। इन पार्कों के बनाने का मुख्य उद्देश्य था कि लोग खुले में आकर हरियाली का आनंद ले सकें। अब स्थिति यह है कि लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए पार्कों की हालत बदतर हो चुकी है। अधिकारियों द्वारा पार्कों की ओर ध्यान न देने के चलते लोग सड़कों पर टहलने के लिए मजबूर हैं। बताया जा रहा है कि लोगों द्वारा कई बार पार्कों की स्थिति सुधारने के लिए अधिकारियों से गुहार लगाई है, लेकिन इसके बाद भी अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। मंडी के पास स्थित पार्क में फैला प्लास्टिक का कूड़ा-कचरा और पार्क के आधे हिस्से में भरे गंदे पानी से लोगों को बीमारियां फैलने का भय बना हुआ है। जिसके चलते लोग पार्क में जाने की हिम्मत भी नहीं जुटा पा रहे है। लघु सचिवालय से चंद कदम की दूरी पर होने के बाद भी पार्क की इतनी बदतर हालत अधिकारियों की लापरवाही को बयां कर रही है। वार्ड एक की गली में भरी कीचड़
वार्ड नंबर एक की प्रिया कालोनी की मुख्य गली में कीचड़ भरी हुई है। जिसके कारण लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि नगर पालिका कर्मचारी सफाई करने के लिए आते हैं और नाली की गंदगी निकालकर सड़क पर डाल जाते हैं। इसके बाद गंदगी को न उठाने के चलते वह वापस नालियों में चली जाती है और नाली जाम हो जाती हैं। जिसके चलते सड़क पर कीचड़ फैली हुई है। बताया जा रहा है कि गली से गुजरने वाले करीब दो हजार लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है, लेकिन अभी तक अधिकारियों ने गली की समस्या को दूर करने के लिए कदम नहीं उठाया है।