पीपलथा में किसानों को पराली प्रबंधन की दी जानकारी
पराली प्रबंधन को लेकर पीपलथा गांव में स्ट्रा बेलर मशीन का लाइव डेमो किया गया।
जागरण संवाददाता, जींद : पराली प्रबंधन को लेकर पीपलथा गांव में स्ट्रा बेलर मशीन का लाइव डेमो किया गया। इस दौरान कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ-साथ कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जिला कृषि उप निदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक ने किसानों को बताया कि कंबाइन से धान कटाई के बाद खेत में जो फसल अवशेष रह जाता है। उसे स्ट्रा बेलर इकट्ठा करके बंडल बना देता है। जिसका प्रयोग चारे में प्रयोग के अलावा फैक्ट्रियों में भी किया जा सकता है। जिससे किसान की आमदनी भी बढ़ेगी। फसल अवशेष जलाने से प्रदूषण बढ़ रहा है। वहीं धरती की ऊपजाऊ शक्ति भी कमजोर होती है। फसल अवशेष जलाने वालों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई जाएगी। स्ट्रा बेलर पर सरकार अनुदान दे रही है। आठ व नौ नवंबर को आवेदन करने वाले इच्छुक किसानों के नाम मुख्यालय भेजे जा चुके हैं।