हमले में घायल हुए युवक ने तोड़ा दम, परिजन बोले- नहीं लेंगे शव, हंगामा
परिवार के लोग बोले- आरोपितों की गिरफ्तारी होने के बाद लेंगे शव। हिसार के निजी अस्पताल में हुई मौत। 26 फरवरी की रात को डेरे पर किया था युवकों ने हमला
हिसार, जेएनएन। जींद के गढ़ी में एक डेरे पर 26 फरवरी को हुए हमले में घायल पाबड़ा निवासी धर्मेंद्र की हिसार के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हमले के आरोपितों पर हत्या की धाराएं भी जोड़ दी हैं। जींद पुलिस सोमवार को सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। वहीं परिवार के लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव लेने से इन्कार कर दिया है।
पुलिस के अनुसार जींद के गढ़ी में पाबड़ा निवासी राजेंद्र का परिवार गया था। वहां पर 26 फरवरी की रात को 15 से 20 युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया था। इस हमले में शिकायतकर्ता राजेंद्र, उसका भाई धर्मेंद्र, गुड्डी, राजेश, सचिन, बबली आदि लोग घायल हो गए थे। सभी घायलों को टोहाना के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां पर धर्मेंद्र की हालत गंभीर होने के कारण उसे हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
इलाज के दौरान धर्मेंद्र की रविवार को मौत हो गई। इसका पता चलते ही सरपंच प्रतिनिधि राजेश ढिल्लो सहित गांव के अन्य लोग भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने जींद पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद जींद पुलिस हिसार पहुंची गई।
परिजन बोले- आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही लेंगे शव
सरपंच प्रतिनिधि राजेश ढिल्लो सहित परिवार के लोगों ने कहा कि हमलावरों की गिरफ्तारी के बाद ही शव लेंगे। उन्होंने इस संबंध में डीएसपी को भी अवगत करवा दिया है। उन्होंने बताया कि हमलावरों को पुलिस चार दिन बाद भी नहीं पकड़ पाई है।