गंगवा रोड पर जूते के फीते बांधने के लिए झुके 22 वर्षीय युवक को धुंध के चलते अज्ञात वाहन ने उड़ाया, मौत
जागरण संवादाता हिसार गंगवा रोड पर जूते के फीते बांधने के लिए नीचे झूके एक युवक को
जागरण संवादाता, हिसार : गंगवा रोड पर जूते के फीते बांधने के लिए नीचे झूके एक युवक को सुबह 5.30 बजे धुंध के कारण एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सूचना मिलने पर मृतक के शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। जहां पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव स्वजनों को सौंप दिया। मामले में मृतक के बड़े भाई मुख्यत: उतर प्रदेश निवासी और हाल गंगवा निवासी बीर सिंह ने बताया कि उसका छोटा भाई 22 वर्षीय धीर सिंह गंगवा से थोड़ा आगे स्थित एक प्लास्टिक फैक्टरी में डिब्बे बनाने का काम करता था। मामले में घटना के दौरान मृतक के साथ रहे उसके दोस्त उतर प्रदेश के गन्नौर निवासी विपिन ने बताया कि वह और धीर सिंह दोनों बुधवार को फैक्टरी में नाइट शिफ्ट पर थे। सुबह 5.30 बजे वे फैक्टरी के बाहर गुटखा खाने के लिए सड़क पर निकले थे। इस दौरान बहुत अधिक धुंध थी। विपिन ने बताया कि इस दौरान वह सड़क पार कर वहां पेशाब करने लगा। उसके पीछे आ रहा धीर सिंह सड़क किनारे झूककर अपने जूतों के फीते बांधने लगा। इसी दौरान आजाद नगर की तरफ से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने अधिक धुंध के चलते धीर सिंह को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से धीर सिंह अचेत हो गया। उसे सिविल अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने मृतक घोषित कर दिया। पुलिस ने स्वजनों के बयान पर मामले में अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि घटना के समय अत्यधिक धुंध थी, जिसके चलते वाहन चालक को सड़क पर झूका हुआ धीर सिंह दिखाई नहीं दिया। मृतक धीर सिंह की एक साल पहले ही शादी हुई थी। वह अपने भाई के साथ ही गंगवा में रह रहा था।