हिसार जिले के गांव भिवानी रोहिल्ला में लाठी डंडों से पीट कर युवक की हत्या
नारी शक्ति पहचान वाले भिवानी रोहिल्ला गांव में बड़ी वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की रविवार देर रात लाठी डंडो से पीटकर हत्या कर दी गई।
हिसार/बालसमंद,जेएनएन। हिसार जिले में सर्व सम्मति से चुनी गई महिला पंचायत चुने जाने पर नारी शक्ति पहचान वाले भिवानी रोहिल्ला गांव में बड़ी वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की रविवार देर रात लाठी डंडो से पीटकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर बालसमंद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
बालसमंद पुलिस चौकी इंचार्ज ने बताया कि भिवानी रोहिल्ला निवासी विनोद कुमार सरसाना से बासड़ा रोड पर पोल्ट्री फार्म में गया हुआ था। तभी रात को आरोपित कुलदीप बेनीवाल और एक अन्य सहयोगी ने विनोद पर लाठी डंडो से हमला बोल दिया। विनोद को गहरी चोट आने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। विनोद के साथ एक अन्य साथी था जो चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे अस्पताल में दाखिल किया हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सोमवार दोपहर तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। पुलिस जांच जारी है।
जांच अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या आपसी रंजिश को लेकर की गई है। बाकी पूरी जानकारी आरोपितो की गिरफ्तारी के बाद ही मिल सकेगी। मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
बता दें कि भिवानी रोहिल्ला गांव बेहद शांति प्रिय गांव माना जाता रहा है। बीते कई सालों से गांव में कोई बड़ी आपराधिक घटना नहीं घटी थी। हिसार पूर्व आईजी ओपी सिंह ने कुछ साल पहले गांव को क्राइम फ्री होने को लेकर सम्मानित भी किया था। अब इस तरह की वारदात होने से गांव और आसपास के गांवों में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।