बहादुरगढ़ के गांव में युवक की पीट-पीट कर हत्या, मौसा व उसके बेटे पर ही हत्या का आरोप
बहादुरगढ़ स्थित सिलौठी गांव के 20 वर्षीय युवक की मारपीट कर निर्मम हत्या कर दी। नरेंद्र बहादुरगढ़ में कंप्यूटर का कोर्स करता था। नरेंद्र की मां सुनीता ने अपनी बहन के लड़के राहुल बहनोई कुलबीर व एक अन्य पर हत्या का आरोप लगाया है।
बहादुरगढ़, जेएनएन। गांव सिलौठी के एक 20 वर्षीय युवक की मारपीट कर निर्मम हत्या कर दी। नरेंद्र बहादुरगढ़ में कंप्यूटर का कोर्स करता था। नरेंद्र की मां सुनीता ने अपनी बहन के लड़के राहुल, बहनोई कुलबीर व एक अन्य पर हत्या का आरोप लगाया है। सदर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपित अभी फरार हैं। पुलिस सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा रही है।
सिलौठी निवासी सुनीता पत्नी रणबीर ने बताया कि बुधवार शाम को नरेंद्र ने मुझे कहा कि वह खेड़का गुज्जर निवासी राहुल पुत्र कुलबीर के साथ जा रहा है। राहुल मेरी बहन का लड़का है। शाम करीब सात बजे उसका भाई धर्मबीर अपनी कार में सिलौठी में आया और नरेंद्र उसकी कार में अचेत अवस्था में लेटा हुआ था। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। धर्मबीर ने बताया कि उसका एक्सीडेंट हो गया है, जिससे उसकी मौत हो गई है। मैंने तुरंत अपने पति रणबीर को मौके पर बुलाया और मुझे उनकी बातों पर शक हुआ।
सुनीता ने राहुल व कुलबीर और एक अन्य पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। सुनीता ने भी हत्या के कारणों के बारे में जानकारी अभी पुलिस को नहीं दी है। थाना सदर पुलिस ने सूचना मिलते ही शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाया जा रहा है।
पुलिस ने राहुल व कुलबीर और एक अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों का पता लग सकेगा। उनकी गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की जा रही है।