दिल्ली में किसान आंदोलन से वापस लौट रहे हिसार के युवा किसान की मौत, दो घायल
हादसे में घायल हुए सिसाय निवासी आशीष ने बताया कि मंगलवार सुबह वह अपने दोस्त राहुल और सुमित के साथ अपनी कार में सवार होकर किसान आंदोलन में दिल्ली गए थे। वहां से वापस आते समय जब वह सिसाय गांव के नजदीक पहुंचे तो कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
हिसार, जेएनएन। दिल्ली में किसान आंदोलन के लिए गए और कार में सवार होकर हिसार आ रहे एक युवा किसान की हादसे में मौत हो गई। वहीं उसके 2 साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल हुए सिसाय निवासी आशीष ने बताया कि मंगलवार सुबह वह अपने दोस्त राहुल और सुमित के साथ अपनी कार में सवार होकर किसान आंदोलन में दिल्ली गए थे। वहां से वापस आते समय जब वह सिसाय गांव के नजदीक पहुंचे तो कार अनियंत्रित होकर पलट गई। जिस कारण हादसे में वे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों को राहगीरों की मदद से जिंदल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां सिसाय निवासी सुमित को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक सुमित हिसार के जाट कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। आशीष ने बताया हादसे के दौरान कार को सुमित चला रहा था। सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। सुमित के शव का पुलिस ने सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर स्वजनों को सौंप दिया। वहीं हादसे में घायल आशीष को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं राहुल का हांसी के निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
फतेहाबाद के किसान की भी मौत
दिल्ली किसान आंदोलन में पिछले कई दिनों से डटे गांव समैन शमशेर पुत्र सरूपा राम की गत रात टिकरी बॉर्डर से घर लौटते वक्त ह्रदय गति रुकने मौत हो गई है। जानकारी अनुसार किसान रात 12 बजे के करीब आंदोलन से लौट रहा था। रास्ते मे किसान को अटैक आया। जिसके बाद उसे टोहाना के अस्पताल में ले जाया गया,वहां डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। उसके बाद उसे हिसार के एक निजी अस्पताल में लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।