हिसार में महिलाओं के हाथ होगी सफाई की कमान, सौंपी जाएगी अहम जिम्मेदारी
निगमायुक्त ने सभी सफाई कर्मचारियों निर्देश दिए कि वे अपनी समस्याएं सफाई दरोगा एएसआई और सीएसआई को बताएं। यदि कोई सुनवाई नहीं होती है तो उनके पास आएं। सफाई कर्मचारियों के एरिया बदलने को लेकर पॉलिसी बनाई जा रही है। बुजुर्ग व महिलाओं को प्रमुखता दी जाएगी।
हिसार, जेएनएन। महिलाओं के उत्थान के लिए नगर निगम हिसार ने एक और नया प्रयास किया है। शहर की सफाई व्यवस्था में अब महिलाओं को व्यवस्था सुधारने के काम में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिये नगर निगम आयुक्त अशोक कुमार गर्ग ने प्लानिंग की है। इसमें महिलाओं को सफाई व्यवस्था में अहम जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। प्लानिंग को सिरे चढ़ाने के लिए निगमायुक्त ने कर्मचारियों की मधुबन पार्क में बैठक लेकर इस मुद्दे पर उनकी भी राय जानी।
सफाई कर्मियों ने उठाई सैलरी और फंड की समस्या
मधुबन पार्क में सफाई कर्मचारियों के साथ निगमायुक्त अशोक कुमार गर्ग ने बैठक की। बैठक में सफाई कर्मचारियों ने अपने पीएफ, सैलरी, मेडिकल बिल आदि से जुड़ी समस्याएं रखीं। निगमायुक्त ने सभी सफाई कर्मचारियों निर्देश दिए कि वे अपनी समस्याएं सफाई दरोगा, एएसआई और सीएसआई को बताएं। यदि कोई सुनवाई नहीं होती है तो उनके पास आएं। सभी समस्याओं को प्रमुखता से हल किया जाएगा। निगमायुक्त अशोक कुमार गर्ग ने कहा कि सफाई कर्मचारी निगम का सबसे अहम कार्य करते हैं। शहर में यदि सफाई नहीं होती है तो विकास कार्यों का कोई महत्व नहीं रहता है। सभी ईमानदारी के साथ अपना कार्य करें। आपकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा।
सफाई कर्मियों के क्षेत्र बदलने की बनाई जा रही पॉलिसी
निगमायुक्त ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के एरिया बदलने को लेकर पॉलिसी बनाई जा रही है। बुजुर्ग व महिलाओं को प्रमुखता दी जाएगी। निगमायुक्त ने सफाई दरोगा को आदेश दिए कि महिला सफाई कर्मचारियों की सूची बनाएं, जिन्हें अपना एरिया बदलवाना है। सबसे पहले बुजुर्ग व महिलाओं का एरिया बदला जाएगा। सफाई कर्मचारियों ने निगमायुक्त को बताया कि पूर्व ठेकेदार ने उनका पीएफ का पैसा आज तक नहीं दिया है। निगमायुक्त ने सीएसआई को आदेश दिए कि पीएफ का पैसा जमा नहीं करवाने वाले ठेकेदार को सोमवार को बुलाया जाए। इस अवसर पर सीएसआई सुभाष सैनी, सुधीर कुमार, अहमद आदि मौजूद रहे।