हाथ-पांव बांध महिला की हत्या कर शव नहर में फेंका, पहचान करने में जुटी पुलिस
देर रात रिठाल फौगाट के पास किसान ने देखा था महिला का शव। हाथ और पैर बांधे गए थे रस्सी से कई दिन पुराना हो चुका शव। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच की शुरू
रोहतक, जेएनएन। भालौठ ब्रांच में महिला का सड़ा-गला शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। जिसके हाथ-पैर बांधे गए थे। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। प्राथमिक जांच में सामने आया कि महिला की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है, जो यहां तक बहकर आ गया।
रिठाल फौगाट गांव का रहने वाला राजेश शनिवार देर रात खेत में जा रहा था। इसी बीच वह रिठाल के पास भालौठ सब ब्रांच में पानी देखने के लिए पुल के नीचे झांका। जहां पर एक शव झाडिय़ों में फंसा हुआ था। किसान ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को बाहर निकाला। एफएसएल इंचार्ज डा. सरोज मलिक दहिया ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। महिला की उम्र करीब 30 साल थी, जिसने सफेद-लाल रंग का सूट पहना हुआ था। उसके हाथ और गर्दन पर रस्सी बंधी हुई थी।
शव को देखकर लग रहा था कि उसकी मौत कई दिन पहले हो चुकी है। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर भी शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआइ में रखवा दिया गया। सदर थाना पुलिस ने किसान की शिकायत पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पहले भी आ चुके दो महिलाओं के शव
नहर में कुछ माह पहले भी चार दिन के अंदर दो महिलाओं के शव बहकर आए थे। उनकी उम्र भी करीब 30 से 35 वर्ष के बीच थी। पोस्टमार्टम के दौरान सामने आया था कि एक महिला के साथ दुष्कर्म भी किया गया था। साथ ही दोनों के शरीर पर चोट के निशान भी मिले थे। उन महिलाओं के शव को लेकर भी पुलिस तक पहचान नहीं करा सकी है। हालांकि जहां-जहां से यह नहर गुजर रही है उसके आसपास लगते गांवों में भी उनकी पहचान के लिए टीमें भेजी गई थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
--महिला का शव पानी में बहकर आया है, जिसकी पहचान के लिए आसपास के जिलों में भी संपर्क किया जा रहा है। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
- एसआई शमशेर सिंह, चौकी प्रभारी घिलौड़