महिला की हत्या करके बंद फैक्ट्री में पेड़ पर लटकाया शव, जमीन पर टिके मिले घुटने
करीब 30 वर्षीय एक महिला का शव बंद फैक्ट्री में पेड़ पर लटका मिला। अभी मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस माैके पर छानबीन में जुटी है। शव को सिविल अस्पताल भिजवाया गया है। महिला के पांव जमीन पर टिके हुए मिले
बहादुरगढ़, जेएनएन। बहादुरगढ़ में एक हत्या का मामला सामने आया है जिसे आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया गया है। शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत झज्जर रोड पर करीब 30 वर्षीय एक महिला का शव बंद फैक्ट्री में पेड़ पर लटका मिला। अभी मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस माैके पर छानबीन में जुटी है। शव को सिविल अस्पताल भिजवाया गया है। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। नरेंद्रा फार्म के सामने फैक्ट्री बंद पड़ी है। सोमवार की सुबह पुलिस को इस फैक्ट्री परिसर में एक महिला का शव पेड़ से लटका होने की सूचना मिली। इस पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
मौके के हालात हत्या का मामला होने की ओर इशारा कर रहे थे। पेड़ छाेटा था और महिला के लटकने से नीचे झुक गया। ऐसे में मृतका के घुटने जमीन पर थे। गले में मफलर का फंदा था। पुलिस ने आसपास में पूछताछ की, मगर कुछ पता नहीं चल पाया। फिलहाल तो पुलिस मृतका की पहचान में जुटी है। उसके बाद ही इस मामले का खुलासा होगा। पुलिस का कहना है कि मृतका के शरीर पर कोई चोट का निशान नजर नहीं आया है। मामला हत्या का होने की संभावना है। बाद में इसको फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश हो सकती है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही अागामी कार्रवाई हाेगी। उधर, फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच की। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि जिस तरह से मृतका के घुटने जमीन पर थे, उससे तो प्रबल संभावना यही है कि महिला की हत्या करके शव को फंदे पर लटकाया गया। मृतका आसपास की रहने वाली भी प्रतीत नहीं होती। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद ही इस मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मृतका की पहचान के लिए आसपास के थाना व चौकियों में सूचना दी गई है। वहां से लापता महिलाओं के बारे में भी सूचना ली गई है। अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।