Suicide In Jhajjar: ससुराल वालों से तंग महिला ने की आत्महत्या, पति सहित तीन के खिलाफ दहेज और हत्या का मामला दर्ज
झज्जर में ससुराल वाले आशा के साथ मारपिटाई भी करते थे। कई बार उन्हें समझाने का प्रयास भी किया। लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। मनोज ने आरोप लगाते हुए कहा कि ससुराल पक्ष के स्वजनों द्वारा तंग किए जाने की वजह से वह तनाव में रहने लगी थी।
झज्जर, जागरण संवाददाता। झज्जर में ससुराल वालों से तंग आकर गांव खेड़ी खुम्मार में एक विवाहिता ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर पति व सास-ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
गांव जहाजगढ़ निवासी मनोज ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसकी बहन करीब 35 वर्षीय आशा की शादी करीब साढ़े 13 साल पहले गांव खेड़ी खुम्मार निवासी अजय कुमार के साथ की थी। शादी के समय हैसियत से बढ़कर दान दहेज दिया गया था। लेकिन, इसके बाद आशा का पति, सास व ससुर दहेज में और पैसे लाने के लिए दबाव बनाने लगे। कई बार उन्होंने अपनी बहन को पैसे दिए। लेकिन, ससुराल वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करना जारी रखा। इसके बाद भी दहेज की मांग जारी रही।
घर में फांसी का फंदा लगाकर की आत्महत्या
ससुराल वाले आशा के साथ मारपिटाई भी करते थे। कई बार उन्हें समझाने का प्रयास भी किया। लेकिन, कोई सुधार नहीं हुआ। मनोज ने आरोप लगाते हुए कहा कि ससुराल पक्ष के स्वजनों द्वारा तंग किए जाने की वजह से वह तनाव में रहने लगी थी। इसी की चलते आशा ने घर पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है। जब, मायके वाले गांव खेड़ी खुम्मार पहुंचे तो उस समय शव चारपाई पर था।
जांच अधिकारी के अनुसार
दुजाना पुलिस थाना के जांच अधिकारी एएसआइ विनोद कुमार ने बताया कि गांव खेड़ी खुम्मार में महिला द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतका आशा के भाई मनोज के बयान दर्ज किए हैं। आशा के पति, सास-ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया हैं। शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया।