Haryana Weather Update: हरियाणा में गला देने वाली ठंड, 1.7 डिग्री पहुंचा रात्रि तापमान, धुंध का भी कहर
हरियाणा प्रदेश में मौसम पर 16 जनवरी तक खुश्क रहेगा। आगामी दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी व उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं चलने की संभावना से रात्रि तापमान में गिरावट हो सकती है। अलसुबह व देर रात्रि धुंध छाने की संभावना है।
हिसार, जेएनएन। अगर आप किसी पहाड़ी क्षेत्र पर अपनी छुट्टियां मनाने का मन बना रहे हैं तो जरा ठहरिए, क्योंकि हिसार में भी अब पहाड़ों के बराबर तापमान पहुंचने लगा है। यहां मंगलवार देर रात्रि व बुधवार अल सुबह 1.7 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच गया। इतने तापमान के कारण लोगों को सुबह से ही कड़ाके की ठंड का अहसास हुआ। वहीं प्रदेश में सबसे कम रात्रि तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
सिर्फ सर्दी ही नहीं बल्कि एक दिन पहले निकली धूप ने जहां लोगों को राहत दी तो इससे धुंध की संभावनाएं देर सायं को ही बनती दिखाई दे रही थी। ठीक वैसा ही हुआ, बुधवार सुबह ऐसी धुंध छाई कि वाहनों की रफ्तार तक थम गई। कई स्थानों पर तो लोगों को 20 से 30 मीटर की दूर खड़े वाहन नहीं दिख रहे थे। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आगामी कुछ दिनों में सर्दी और धुंध बढ़ने की संभावना है। जिससे तापमान में गिरावट हो सकती है।
वाहनों के सामने आए पशु
धुंध के कारण वाहनों के सामने पशु सड़क पर आते दिखाई दिए। दिल्ली रोड पर कई स्थानों पर ऐसी स्थिति नजर आई। बार-बार पशु सड़क के बीच में आ रहे थे, जिसके कारण वाहन चालकों को अचानक से ब्रेक लगाने की आवश्यकता पड़ती। इससे पीछे से आ रही गाड़ियों में टकराव होने की संभावना बढ़ जाती। आगामी दिनों में धुंध बढ़ सकती है ऐसे में सड़क पर चलते समय एहतियात बरतें।
16 जनवरी तक मौसम खुश्क
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि प्रदेश में मौसम पर 16 जनवरी तक खुश्क रहेगा। आगामी दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी व उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं चलने की संभावना से रात्रि तापमान में गिरावट हो सकती है। अलसुबह व देर रात्रि धुंध छाने की संभावना है। 14 जनवरी को राज्य में कहीं- कहीं आंशिक बादलवाई भी संभावित है।
धरती का तापमान कम होने से बढ़ेगी धुंध
धरती के तापमान में कमी आने से आने वाले दिनों में धुंध छा सकती है। इसके साथ ही धीमी गति से उत्तर पश्चिमी हवाएं प्रदेश में ठिठुरन भरी सर्दी बढ़ाने का काम कर रही हैं।
सर्दी और धुंध से यातायात प्रभावित
बढ़ती ठंड और कोहरे के कारण जिला में रोडवेज और ट्रेन दोनों ही व्यवस्था प्रभावित हो रही हैं। खासकर रात की बसें जो लंबे रुटों जैसे दिल्ली, चंडीगढ़ रुटों पर चलती है उन पर कोहरे का खासा असर पड़ता दिख रहा है। लंबे रुटों की बसें अपने निर्धारित समय से कुछ समय देरी से अपने गंतव्य तक पहुंच रही है।