दूसरे दिन भी जमकर बरसे बदरा, 11 डिग्री गिरा अधिकतम तापमान, किसानों के चेहरे खिले Hisar news
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 19 जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 18 जून तक हवाओं और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार रहेंगे
हिसार, जेएनएन। शनिवार को देर रात और रविवार अलसुबह हुई बारिश के बाद सोमवार अलसुबह बारिश से गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार केवल हिसार जिले में कुल 42 एमएम से ज्यादा बारिश हो चुकी है। इस बारिश से दिन के जहां दिन के तापमान में 10.8 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई और यह 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश से रविवार की सुबह और रात को मौसम ज्यादा गर्म नहीं रहा। हालांकि जैसे-जैसे सूरज की गर्मी बढ़ी, उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। सोमवार को भी अलसुबह बारिश शुरू हो गई और रविवार की तुलना में कम गर्मी रही। हिसार के अलावा सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी और अन्य जिलों में भी जोरदार बारिश हुई। सिरसा और फतेहाबाद में तो जलभराव की स्थिति बनी रही।
दूसरी ओर बारिश के कारण हिसार शहर में कई जगहों पर नीचले क्षेत्रों में पानी भर गया था। ऑटो मार्केट, बरवाला रोड, अनाज मंडी, इंडस्ट्रीयल एरिया, पीएल, जवाहर नगर, पटेल नगर, बैंक कालोनी, निरंकारी भवन रोड, गोविंद नगर आदि क्षेत्रों में पानी भरने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पटेल नगर आरयूबी में पानी भरने के कारण यहां से लोगों का आवागमन बंद हो गया और कई वाहन बीच में बंद हो गए। इससे पहले न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बारिश हुई है। यह बारिश आम आदमी के साथ साथ फसलों के लिए भी बड़ी राहत प्रदान करने वाली है। नरमें और कपास की फसल की पानी की जरूरत पूरी हो गई है। जिससे पानी की बचत हुई है। वहीं, बिरानी क्षेत्रों में भी बहुत अधिक तापमान के कारण जमीन प्यासी थी। इस बारिश के कारण धरती में नमी संचित हो गई है, जिसके कारण लोगों को ग्वार-बाजरे सहित खरीफ की होने वाली बिजाई में आसानी होगी।
18 जून तक बारिश के आसार
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 19 जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 18 जून तक हवाओं और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। जिसके कारण तापमान में गिरावट आएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप