राजस्थान के चुरू में मणप्पुरम फाइनेंस कंपनी में साढ़े 17 किलो सोने की लूट, दो लुटेरे हिसार में धरे
हिसार से बड़ी खबर। पुलिस ने राजस्थान के चुरू से 25 किलो सोना लूटकर भागे 2 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वारदात में 4 बदमाश शामिल थे। राजस्थान की चुरू पुलिस भी उनके पीछे हिसार पहुंची थी। बरवाला में घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा गया।
हिसार, जेएनएन। राजस्थान के चुरू में मणप्पुरम फाइनेंस कंपनी में करीब साढ़े 17 किलो सोने की लूट हो गई। वारदात में चार आरोपित शामिल थे। उनमें से दो आरोपितों को हिसार पुलिस ने उकलाना के सूरेवाला चौक से गिरफ्तार किया है। लुटेरों के हिसार में होने की सूचना पर पूरा पुलिस बल उनकी धरपकड़ के लिए जुट गया। इस पूरे ऑपरेशन को एसपी बलवान सिंह राणा खुद लीड कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी अनुसार, राजस्थान के चूरू से कुछ लुटेरे डकैती करके हिसार की तरफ भाग कर आए थे। राजस्थान पुलिस भी उनके पीछे लगी हुई थी। उकलाना में पुलिस ने सूरेवाला चौक पर कड़ी नाकेबंदी कर रखी थी। लुटेरे आइ-20 कार में थे। लुटेरों ने आगे नाक का लगा देखा तो उन्होंने अपनी कार एक फार्म हाउस की तरफ मोड़ दी। परंतु वहां चारदीवारी होने के चलते लुटेरे भाग नहीं सके। पुलिस ने उन्हें कार सहित मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अभी इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे रही है। सूत्रों के मुताबिक, वारदात में 4 लुटेरे शामिल थे जो हिसार भागकर पहुंचे थे। इनमें से दो को चुरू पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दो लुटेरे हिसार पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।
उकलाना में पुलिस की ओर से पकड़ी गई संदिग्ध कार। बताया जाता है कि बदमाश इसी कार में थे।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, चूरू के रिलायंस मॉल के पास मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड गोल्ड लोन की शाखा है। बैंक कर्मचारियों के अनुसार, चार बदमाश दोपहर बाद करीब तीन बजे शाखा में आए थे। उन्होंने कहा था कि उन्हें गोल्ड लोन लेना है। एक बदमाश ने कर्मचारी को अपनी अंगूठी दिखाकर कहा कि उसे लोन चाहिये। इसके बाद पिस्तौल निकाल पर स्टाफ पर तान दी। शटर गिराकर कर्मचारियों को पीटा और उन्हें बाथरूम में बंद कर करीब साढ़े आठ लाख रुपये की नकदी व करीब साढ़े 17 किलो सोना लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने केवल 12 मिनट में पूरी वारदात को अंजाम दिया।
हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें