चलती बाइक पर गिरा पेड़, दो की जान गई, एक व्यक्ति का सिर हुआ धड़ से अलग
फतेहाबाद के अशोक नगर निवासी अमरजीत(45) व सुभाष नगर निवासी 25 वर्षीय सतीश कुमार(25) भैंसों का व्यापार करते थे। दोनों बाइक पर गांव बरसीन में भैंस देखने गए थे। वापसी में ये हादसा हुआ
फतेहाबाद, जेएनएन। मौत कब कहां से कैसे आगोश में ले ले कुछ पता नहीं। जो पेड़ लंबे समय से ठूंठ बना खड़ा था उसी के कारण दो लोगों की जान चली गई। फतेहाबाद में हुडा चौकी के सामने अचानक सूखा पेड़ चलती बाइक पर गिर गया। इस हादसे में बाइक सवार दो पशु व्यापारियों की मौत हो गई। राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला और एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी।
हादसे के बाद परिजन व अन्य लोंगों ने अस्पताल में पहुंचकर हंगामा कर दिया। उनका आरोप था कि पुलिस व एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। अगर समय में पहुंच जाती तो दोनों की जान बच सकती थी। पुलिस ने उनको समझाकर शांत किया।
फतेहाबाद के अशोक नगर निवासी अमरजीत(45) व सुभाष नगर निवासी 25 वर्षीय सतीश कुमार(25) भैंसों का व्यापार करते थे। बृहस्पतिवार दोपहर को दोनों बाइक पर गांव बरसीन में भैंस देखने गए थे। वापसी में रात करीब सवा 9 बजे हुड्डा चौकी के सामने पहुंचे तो एक सूखा पेड़ इनके ऊपर गिर गया और दोनों उसके नीचे दब गए। एक व्यक्ति का तो सिर ही धड़ से अलग हो गया।
शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और दोनों को बाहर निकाला। दोनों घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी यादवेंद्र सिंह और हुड्डा चौकी प्रभारी रिसाल सिंह अस्पताल पहुंच गए।