महिला के बैंक खाते से उड़ाए 25 हजार रुपये
उमेद विहार निवासी एक महिला के बैंक खाते से अज्ञात ने गूगल-पे पर कोड स्कैन करवाकर 25 हजार रुपये निकाल लिए। महिला ने इस बारे में सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत दी है।
जागरण संवाददाता, हिसार : उमेद विहार निवासी एक महिला के बैंक खाते से अज्ञात ने गूगल-पे पर कोड स्कैन करवाकर 25 हजार रुपये निकाल लिए। महिला ने इस बारे में सिविल लाइन थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस को दी शिकायत में उमेद विहार निवासी ममता ने बताया कि 29 अगस्त की सुबह 10 बजे के करीब उसके मोबाइल पर अज्ञात ने उसका जानकार बनकर फोन किया। महिला का आरोप है कि अज्ञात ने उससे बैंक खाता संबंधी जानकारी वाट्सएप पर मांगी। इसके बाद आरोपित ने गूगल-पे कोड स्कैन करने को कहा। ममता ने बताया कि कोड स्कैन करने के कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर संदेश आया। जिसमें लिखा था कि राहुल चावरियां नाम के एक व्यक्ति के खाते में यह राशि उसके एक्सिस बैंक के खाते से ट्रांसफर की गई है।
मणप्पुरम गोल्ड कंपनी में दोबारा आरोपित आया था सोना देने, शक हुआ था कर्मचारियों ने दबोचा
हिसार : मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी में मिलावटी सोना देकर लोन लेने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपित बिदर को गिरफ्तार किया। वहीं इससे पहले गिरफ्तार किए गए अंकुश को पुलिस ने मंगलवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। ब्रांच असिस्टेंट मैनेजर नीरज वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में नीरज ने बताया था कि कुछ दिन पूर्व रावतखेड़ा निवासी बिदर और उसका दोस्त मंगाली निवासी अंकुश सोना देकर लोन लेने आए थे। आरोपितों ने सोने के 14 आइटम दिए थे। सोने के बदले में उन्हें 1 लाख 91 हजार रुपये दिए। इसके बाद सोमवार शाम को अंकुश दोबारा आया और 8 ग्राम सोना देकर लोन देने की बात कही। नीरज को उसके दोबारा आने पर शक हुआ तो उसने सोने को चेक किया, जिसमें मिलावट मिली। कर्मचारियों को मिलावट का पता लगा तो अंकुश को पुलिस के आने तक उसे बातेा में उलझाकर रखा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अंकुश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस बात की छानबीन में जुटी है कि आरोपित मिलावटी सोना कहां से लेकर आए।