कई लोगों को काट चुका था कुत्ता, परेशान सेवानिवृत्त फौजी ने गोली मार कर दी हत्या, गिरफ्तार
गली के कुत्ते से परेशान हुए सेवानिवृत्त फौजी ने उसे गोली मार दी। जिससे कुत्ते की मौत हो गई। पड़ोसी ग्रामीण की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए जांच की जा रही है। इधर कुत्ते को गोली मारने का आरोपित सेवानिवृत्त फौजी जिले सिंह गिरफ्तार भी हो चुका है।
संवाद सूत्र,माछरोली : झज्जर जिले में एक अलग ही तरह की घटना सामने आई है। क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव कोका में एक गली के कुत्ते से परेशान हुए सेवानिवृत्त फौजी ने उसे गोली मार दी। जिससे कुत्ते की मौत हो गई। पड़ोसी ग्रामीण की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए जांच की जा रही है। इधर, कुत्ते को गोली मारने का आरोपित सेवानिवृत्त फौजी जिले सिंह गिरफ्तार भी हो चुका है। प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि इस कुत्ते ने गांव में कई लोगों को काटा था और उसमें फौजी के परिवार के लोग भी शामिल है। जिससे व्यथित होकर उसने इस घटना को अंजाम दिया ।
गांव कोका निवासी देवव्रत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी गली में एक कुत्ता रहता था। वीरवार की रात को पड़ोसी सेवानिवृत्त फौजी अपना हथियार लेकर आया और उसने कुत्ते को गोली मार दी। गंभीर रुप से घायल को कुत्ते को जब संभाला तो उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं आरोपित इस घटना को अंजाम देकर वहां से चला गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंची और जांच आरंभ की। पुलिस की प्राथमिक छानबीन में सामने आया कि मृतक कुत्ता पहले कई लोगों को काट चुका था।
आरोपित के परिवार के लोग भी उसकी चपेट में आए हैं। कुत्ता आरोपित को भी काटने का प्रयास कर चुका था और उसके घर में भी घुस जाता था। जिससे व्यथित होकर उसने यह कदम उठाया है। कुत्ते को गोली मारने की वजह जो भी रही हो, मगर रिटायर्ड फौजी के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पशु अत्याचार अधिनियम के तहत इसमें बड़ी कार्रवाई हाे सकती है, हालांकि कुत्ते के काटने की आदत को लेकर इस कानून को अलग तरह भी देखा जा सकता है।
- जांच अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि कोका में कुत्ते को गोली मारने के मामले में आरोपित सेवानिवृत्त फौजी जिले सिंह को गिरफ्तार किया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर ही नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।