सिरसा में दर्दनाक हादसा : पिकअप की टक्कर से बाइक सवार पिता की मौत, बेटा घायल
सिरसा में हुए हादसे में मृतक की पहचान गांव अबूबशहर निवासी सतपाल (46) के रुप में हुई है। बाइक पर उसका 18 वर्षीय बेटा कर्ण सवार था। उसकी टांग पर चोट आई है। जिसे उपचार के लिए उपमंडल नागरिक अस्पताल में लेजाया गया।
डबवाली, जेएनएन। सोमवार रात को चौटाला हाईवे पर गांव अबूबशहर के समीप भाखड़ा नहर के पुल पर हुए हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव अबूबशहर निवासी सतपाल (46) के रुप में हुई है। बाइक पर उसका 18 वर्षीय बेटा कर्ण सवार था। उसकी टांग पर चोट आई है। जिसे उपचार के लिए उपमंडल नागरिक अस्पताल में लेजाया गया। हादसा रात करीब 9 बजे हुआ बताया जाता है। बाप-बेटा बाइक पर घर लौट रहे थे। बाइक को सतपाल चला रहा था। भाखड़ा नहर के पुल पर उन्होंने दाईं ओर मुडऩा था। मुडऩे से पहले वे पुल पर रुककर देख रहे थे कि कहीं पीछे से वाहन तो नहीं आ रहा।
इसी दौरान सामने से आइ पिकअप ने उनमें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक पिकअप को चौटाला गांव की ओर भगा ले गया। चौटाला पुलिस ने घायल के बयान पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। चौटाला पुलिस चौकी के एएसआइ प्रेम कुमार ने बताया कि मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव उसके वारिसों को सौंप दिया गया।
जाखडावाली से लौट रहे थे दोनों
मृतक सतपाल दिहाड़ी-मजदूरी करता था। वह अपने बेटे कर्ण के साथ हनुमानगढ़ के समीप स्थित जाखडावाली इलाके में मजदूरी करने जाता था। बताया जाता है कि वहां राजस्थान कैनाल की सूरतगढ़ शाखा की री लाइनिंग का कार्य चल रहा है। सतपाल पिछले करीब एक साल से वहीं कार्यरत था। 15 फरवरी को शाम करीब सवा 6 बजे बाप-बेटा बाइक पर गांव अबूबशहर की ओर चले थे। रात को घर से कुछ ही दूरी पर भाखड़ा नहर के पुल पर हादसा घटित हुआ।