सिरसा में दर्दनाक हादसा, मशीन में फंसने से मजदूर की मौत, मची चीख पुकार
गांव चाहरवाला में पाइप लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। सोमवार को पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदई कार्य चल रहा था। चालक ब्रह्मदेव महतो निवासी बरूराज टोला धुमनगर बनकट मुजफ्फपुर बिहार बूम मशीन से खोदाई कर रहा था। मशीन की चपेट में आ गया
सिरसा, जेएनएन। सिरसा में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव चाहरवाला में पाइप लाइन बिछाने क लिए लगाई बूम मशीन की चपेट में आने से बिहार निवासी मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मजदूर को गंभीरावस्था में साथी मजदूर अस्पताल में ले गए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में प्रत्यक्षदर्शी मजदूर विनय की शिकायत पर पुलिस ने मशीन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शरू कर दी है।
जानकारी मुताबिक गांव चाहरवाला में पाइप लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। वहां कल्पतरू पॉवर ट्रांसमिशन लिमिटेड कंपनी के मजदूर पाइप लाइन बिछाने का काम कर रहे हैं। सोमवार को पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदई कार्य चल रहा था। चालक ब्रह्मदेव महतो निवासी बरूराज टोला धुमनगर बनकट मुजफ्फपुर बिहार बूम मशीन से खोदाई कर रहा था। मजदूर विनय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मशीन के पीछे की तरफ श्रीराम महतो निवासी धानेचा पकरी बसारत घनिपा हजरतपुर बिहार काम कर रहा था।
मजदूर विनय के अनुसार ब्रह्मदेव ने बिना आगे पीछे देखे मशीन चला दी, जिससे श्रीराम महतो मशीन के नीचे आ गया और उसके ऊपर से मशीन की चैन गुजर गई। मजदूर श्रीराम को तुरंत अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर कागदाना पुलिस चौकी प्रभारी एएसआइ जगतपाल पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
---मृतक श्रीराम महतो करीब 33 वर्ष का था। उसके तीन बच्चे हैं। पिछले कई सालों से कंपनी में दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था। इस संबंध में पुलिस ने मजदूर विनय की शिकायत पर मशीन चालक ब्रह्मादेव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- सत्यवान, थाना प्रभारी, नाथूसरी चौपटा