Tokyo Olympics: हॉकी टीम की दीवार सविता पूनिया बोलीं, बुलंदियों तक पहुंचे, मेडल न मिलने का मलाल
भारतीय महिला हाकी टीम की गोलकीपर सवित पूनिया को सिरसा पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। सविता ने कहा कि वो यह सम्मान पाकर बेहद खुश हैं। अब उनकी नजर एशियन व कामनवेल्थ गेम्स पर है।
By Umesh KdhyaniEdited By: Published: Thu, 12 Aug 2021 10:03 PM (IST)Updated: Thu, 12 Aug 2021 10:03 PM (IST)
जागरण संवाददाता, सिरसा : भारतीय महिला हाकी टीम की गोलकीपर सविता पूनिया ने कहा कि काफी नजदीक के मुकाबले में मेडल से चूक गए। यह बहुत ही दुखद रहा है। मेडल न मिलने का हमेशा मलाल रहेगा। यह कितना पेनफुल रहा, वह हम नहीं बता सकते। महिला हाकी टीम ऊंचाइयों तक पहुंची है। टीम को प्रोत्साहन मिला है। आने वाले टूर्नामेंट में मेडल हासिल करने का लक्ष्य रहेगा।
सिरसा में मीडिया से बातचीत में सविता पूनिया ने कहा कि पूरी टीम ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में नौ गोल रोकने के बाद ग्रेट वाल ऑफ इंडिया कहे जाने पर सविता पूनिया ने कहा कि किसी खिलाड़ी की व्यक्तिगत परफार्मेंस अच्छी हो तो उसे खुशी मिलती है। लेकिन मैं इसे व्यक्तिगत मेहनत नहीं मानती बल्कि टीम का साझा प्रयास रहा है। उन्होंने कहा कि अब दायित्व बढ़ गया है। अब बेहतर करना होगा। अगले ओलिंपिक की तैयारियों के संबंध में कहा कि अभी दूर है। एशियन और कामनवेल्थ गेम्स मेजर गेम है। ओलिंपिक में इस बार सेमीफाइनल में पहुंचे हैं इसका मतलब टीम ने इंप्रूव किया है और यह अचीव है। अगले ओलिंपिक में मेडल जरूर लेकर आएंगे। 12 साल से नेशनल टीम में खेल रही हूं। बेटियों से संघर्ष करने की राह पर चलने का आह्वान करते हुए सविता पूनिया ने कहा कि कोई भी चीज कम समय में नहीं मिलती उसके लिए धैर्य रखना होगा। धैर्य होगा तो लक्ष्य हासिल हो जाएगा। मन में संकल्प सही है तो लक्ष्य हर हाल में हासिल होगा।
सविता पूनिया को सिरसा पहुंचने पर किया सम्मानित
भारतीय हाकी टीम की गोलकीपर सविता पूनिया को जिला प्रशासन ने सिरसा पहुंचने के साथ सम्मानित किया है। हालांकि सविता पूनिया के सिरसा पहुंचने का कार्यक्रम 18 अगस्त को था लेकिन जेजेपी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह चौटाला के आग्रह पर सविता पूनिया देर शाम को लघु सचिवालय पहुंची और यहां जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त व जन नायक जनता पार्टी की ओर से दिग्विजय सिंह चौटाला ने सम्मानित किया। इस मौके पर सविता पूनिया ने कहा कि वह जिला प्रशासन की आभारी है जिन्होंने उन्हें सम्मान दिया है और यह उनके लिए खुशी का मौका है। उन्होंने कहा कि आठ सितंबर से कैंप शुरू हो रहे हैं। इसके बाद एशियन व कामनवेल्थ गेम होने हैं। पूरी टीम का फोकस इन्हीं खेलों पर रहेगा। उन्होंने कहा कि बहुत साल से मेहनत कर रही थी अब मेडल से चूक गए लेकिन हाकी को प्रोत्साहन मिला है।
सविता खिलाड़ियों के लिए मिसाल : दिग्विजय चौटाला
इस मौके पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि सिरसा की बेटी सविता पूनिया को बेहतरीन खेल के लिए द ग्रेट वाल की उपाधि दी गई है। उन्होंने कहा कि एक वह दौर था जब महिला हाकी टीम ओलिंपिक में क्वालीफाइ नहीं करती थी। एक दौर अब है जब टीम का प्रदर्शन बहुत सराहनीय रहा है। सविता का खेल खिलाड़ियों के लिए मिसाल है और उनका खेल हाकी को प्रोत्साहित करेगा। आने वाले समय में कई बड़े गेम होने हैं जिसमें भारतीय टीम बेहतरीन प्रदर्शन करेगी।
सविता ने प्रदेश का नाम किया रोशन: उपायुक्त
उपायुक्त अनीश यादव ने कहा कि सविता पूनिया ने टोक्यो ओलिंपिक में अपने बेहतरीन प्रदर्शन से जिला, प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। पूरे देश को उनकी उपलब्धि पर गर्व है। भारतीय महिला हाकी टीम को टोक्यो ओलिंपिक के सेमीफाइनल तक पहुंचाने में सविता पूनिया की अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि खेल में हार जीत होती रहती है, लेकिन हमारी जाबांज महिला खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल विश्व में अपनी छाप छोड़ी बल्कि देश का गौरव बढ़ाने का काम किया। इस अवसर पर सविता के पिता महेंद्र सिंह पूनिया, एसडीएम डा. जयवीर यादव व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें