सिरसा में आंधी-बारिश ने दिलाई नौपता की गर्मी से राहत, अब आगे ऐसा रहेगा तापमान
सिरसा में मंगलवार को तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इससे नौतपा की गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। सोमवार के मुकाबले तापमान तीन डिग्री कम दर्ज किया गया। वहीं बुधवार को भी कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है।
सिरसा, जेएनएन। पश्चिमी विक्षोभ से मौसम का मिजाज फिर से बदल गया। सोमवार रात्रि को तेज आंधी के बाद बारिश हुई। तेज आंधी से पेड़ व बिजली के पोल कई जगह पर गिर गये। जिससे बिजली व्यवस्था ठप हो गई। नौतपा के आठवें दिन मंगलवार को बारिश होने से गर्मी से राहत मिली है। आसमान में अभी भी बादल छाये हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ जो अब पाकिस्तान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है। इससे दो जून तक बीच बीच में आंशिक बादल, गरज चमक व तेज हवा के साथ कहीं कही बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है।
बारिश से फसलों को मिला फायदा
सिरसा में 5 एमएम, चौपटा में 10 एमएम, रोड़ी 5 एमएम, नहराना व कालांवाली में 4-4 एमएम, अबुशहर, खुईयां मलकाना व गोलेवाला में 2-2 एमएम बारिश हुई है। बारिश होने से फसलों को फायदा मिला है। गर्मी के कारण खासकर कपास की फसल झुलस रही थी। इससे किसानों को काफी चिंता हो रही थी। इसी के साथ फसलों में सिंचाई की इस समय जरूरत थी। बारिश होने से अब सिंचाई की कुछ दिन के लिए आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
तापमान पहुंचा 21 डिग्री
नौतपा में न्यूनतम तापमान भी तेजी से बढ़ा था। नौतपा के पांचवें दिन न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री तक पहुंच गया था। इससे रात्रि के समय भी गर्मी का असर बढ़ गया। वहीं दिन का तापमान भी तेजी से बढ़ा था। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री व न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहा। जबकि सोमवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री रहा। चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम वैज्ञानिक डा. मदनलाल खिचड़ ने बताया कि दो जून तक मौसम में बदलाव रहेगा।-
नौतपा में ये रहा तापमान
अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
प्रथम दिन 37.8 डिग्री 26.6 डिग्री
दूसरे दिन 39.4 डिग्री 26.0 डिग्री
तीसरे दिन 41.3 डिग्री 26.3 डिग्री
चौथे दिन 46.0 डिग्री 28 डिग्री
पांचवें दिन 45.7 डिग्री 30.5 डिग्री
छठे दिन 45.7 डिग्री 25.6 डिग्री
सातवें दिन 41.6 डिग्री 25.8 डिग्री
आठवें दिन 38.0 डिग्री 21.0 डिग्री