Haryana Rain: बारिश की भेंट चढ़ी किसानों की मेहनत, हजारों क्विंटल सरसों और गेहूं वर्षा में भीगी; अब सता रहा ओलों का डर
Haryana Rain बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को तगड़ा नुकसान पहुंचा है। प्रदेश में मंगलवार दोपहर के समय मौसम बदला और वर्षा हुई। जिसके चलते अनाज मंडी में पड़ी गेहूं व सरसों की फसल भीग गई। वहीं मौसम विभाग ने 26 और 27 अप्रैल को भी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में किसानों की चिंता बढ़ गई है।
जागरण टीम, हिसार। Haryana Farmers: प्रदेश में मंगलवार दोपहर के समय मौसम बदला और वर्षा हुई। इस कारण अनाज मंडी में पड़ी गेहूं व सरसों की फसल भीग गई। मौसम विज्ञानियों ने 26-27 अप्रैल को वर्षा की संभावना व्यक्त की है।
कैथल, फतेहाबाद और जींद में ओलावृष्टि भी हो सकती है। 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। किसानों के लिए खेतों में खड़ी फसल व कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने की हिदायत जारी की गई है।
19 अप्रैल को हुई बारिश से हुआ नुकसान
इससे पहले 19 अप्रैल को भी वर्षा होने पर मंडियों में गेहूं भीगा था। मंगलवार को हिसार, फतेहाबाद और कैथल समेत कई जिलों में हुई वर्षा से मंडियों में रखी गेहूं व सरसों की फसल भी भीग गई।
अब आने वाले दो दिन और ओलावृष्टि और वर्षा की संभावना व्यक्त की जा रही है। यदि हालात ऐसे रहे तो मंडी में पड़ी फसल खराब हो सकती है। मंडी में उठान काफी धीमा है।
लाखों क्विंटल गेहूं मंडियों में रखा है
तीन लाख 65 हजार 075 क्विंटल गेहूं मंडियों में बिका नहीं है। बिना उठान के कट्टों में भी लाखों क्विंटल गेहूं मंडियों में है। पानीपत के समालखा ढाई लाख क्विंटल गेहूं भीग गया। कैथल के पूंडरी में लगभग एक लाख बैग गेहूं पड़ा है। खेतों में खड़ी फसल होगी खराब गेहूं कटाई का कार्य रफ्तार पर चल रहा है।
हालांकि अनुमान के अनुसार अभी भी करीब 40 प्रतिशत गेहूं की फसल खेतों में खड़ी है। किसानों का कहना है कि ओलावृष्टि से इंद्री, गढ़ी बीरबल और घरौंडा इलाके में खड़ी फसल धरती में बिछ गई है।
इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने हरियाणा में कई शहरों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार व जींद शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- Haryana News: दुष्यंत चौटाला को एक दिन में दो झटके,पहले रणधीर ने JJP से दिया इस्तीफा; अब इस नेता ने थामा BJP का कमल