मच्छर ने काटा तो युवती ने एप पर डाली गंदगी की 250 फोटो, बदली शहर की तस्वीर
शहर में गंदगी से तंग होकर सिरसा शहर की एक समाज सेविका ने गंदगी के प्वाइंट चिन्हित कर स्वच्छ मैप एप पर अपलोड कर दी। इससे प्रशासन में हड़कंप मचा और शहर साफ सुथरा कर दिया गया।
जेएनएन, सिरसा। शहर में गंदगी फैली हो तो इसके निदान के लिए लोग कई बार गुहार लगाते हैं मगर प्रशासन अमल फिर भी नहीं करता है। मगर सिरसा शहर की एक युवती ने एक अलग ही तरीके से शहर के करीबन 260 कर्मचारियों के दावों की हवा निकाल दी। घर से स्कूटी पर निकली महिला पुनिता बलदेवराज ने शहर में जगह-जगह फैली गंदगी को दर्शाने वाले 250 स्थानों के फोटो नगर परिषद के स्वच्छ मैप एप पर भेज दिए।
इधर फोटो अपलोड हुए, उधर से नगर परिषद के अधिकारी इतनी शिकायतें होने से सकते में आ गये और संबंधित क्षेत्र में शिकायतों के निपटान के लिए सफाई दरोगा को निर्देश भी जारी हो गये। शहर में मच्छरों से फैलने वाली बीमारी और मच्छराें के काटने से तंग हो इस समाज सेविका ने शहर की तस्वीर बदलने का फैसला लिया।
जितनी सफाई, उससे अधिक फिर शिकायत डाली गई
पुनिता ने प्रशासन को आइना दिखाने का काम शुरू किया। उन्होंने सबसे पहले वार्ड नंबर 9 से अपने पड़ोस की फोटो स्वच्छ मैप एप पर अपलोड की। अकेले इस वार्ड की 116 फोटो सहित शिकायत दर्ज करवाई। पहले दिन जो शिकायत दी गई अभी नगर परिषद उन स्थानों को सफाई नहीं कर पाए थे। रविवार को फिर से शिकायतें डाली गई। पुनिता ने रविवार को शहर का रूख कर लिया और जगह-जगह जाकर पूरे दिन फोटो ही अपलोड किए।
सफाई के लिए लगाए अलग से कर्मचारी
एप पर किसी भी शिकायत के निपटान के लिए 24 घंटे का समय दिया गया है। इस दौरान दिए गये लोकेशन पर नगर परिषद को सफाई करवानी होती है। इसके बाद फोटो भी अपलोड करनी होती है। नगर परिषद के अधिकारियों ने दरोगा के नेतृत्व में शिकायतों के निपटान के लिए अलग से कर्मचारी लगाने पड़े। दिनभर कर्मचारी लगे रहे। जिस पर 100 से अधिक शिकायतों को निपटान किया गया।
चुनिंदा क्षेत्रों में ही सफाई क्यों
पुनिता रानी ने कहा कि नगर परिषद के पास सफाई कर्मचारियों की पूरी फौज है। इसके बाद भी शहर साफ सुथरा नहीं है। शहर में सफाई पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने तो प्रशासन को आइना दिखाया है कि शहर स्वच्छ नहीं है। बीमारी का घर शहर में पड़ा कचरा है। इसे पूरे तरीके से साफ न करके औपचारिकता ही पूरी हो रही है।
15-15 कर्मचारियों की दो दस्ते बनाए
अचानक एप पर अधिक संख्या में शिकायतें अपलोड होने पर नगर परिषद ने रविवार से ही 15-15 कर्मचारियों के दो दस्ते बनाए। इसके बाद दिए गये स्थानों पर सफाई करने के लिए पहुंचे। जहां-जहां पर सफाई हुई। वहां पर फोटो भी अपलोड किए गये। सोमवार शाम तक 200 शिकायतों का निपटान किया गया जबकि 60 से अधिक शिकायतें आज भी लंबित रह गई।
सिरसा स्वच्छता सर्वेक्षण में था 294 नंबर
स्वच्छता सर्वेक्षण सर्वे में स्मार्ट सिटी जांचने के लिए इस साल सिरसा का 294 नंबर आया था। स्मार्ट सिटी जांचने के लिए जनवरी 2019 में फिर से स्वच्छता सर्वेक्षण सर्वे किया जाएगा। इससे पहले नगर परिषद द्वारा शहर में स्वच्छता के लिए समय पर अभियान चलाया जा रहा है। सिरसा जिले में 1408 लोगों ने स्वच्छता एप डाउन लोड किया हुआ है।
तालिका
शहर में सफाई कर्मचारी 260
शहर में वार्ड 31
स्वच्छ मेप एप डाउन लोड 1408
शिकायत के निपटान का समय 24 घंटे
एक ही नंबर से डाले गए थे 245 फोटो
सफाई दरोगा पवन कुमार कंबोज ने कहा कि एक ही नंबर से 245 स्थानों पर सफाई न होने संबंधी फोटो डाल गये हैं। इन शिकायतों का निपटान कर रहे हैं। कुछ शिकायतें प्लांटों में गंदगी की भी थी। इन शिकायतों का निपटान कर रहे हैं। औसतन 15 से 20 शिकायतें ही आती है। शनिवार से अचानक अधिक शिकायतें आई है। हमारा कार्य शिकायतों के निपटान का है। उसे समय पर किया जा रहा है।
मच्छर जनित बीमारी फैलने पर शिकायत का लिया था फैसला
भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन जिला महिला अध्यक्ष पुनिता बलदेव राज ने कहा कि मेरा मकसद प्रशासन को आइना दिखाने का था कि शहर साफ सुधरा नहीं है। यहां अभी काम करने की जरूरत है। शहर में मच्छर जनित बीमारी फैलने पर शिकायत करने का फैसला लिया। दिनभर विभिन्न स्थानों पर पहुंची। इसके बाद एप पर शिकायत अपलोड की गई। पूरे शहर में घूमी कहीं पर भी शहर साफ नजर नहीं आया।