मास्क लगाकर जोड़ों ने लिए फेरे, शहरवासियों ने किया कन्यादान
सामूहिक विवाह समारोह सभी परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। पंचायती रामलीला मैदान में सुबह 9 बजे स्वागत बारात के साथ विवाह कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद 10 बजे जय माला व आशीर्वाद की रस्मों को निभाया गया व 12 बजे फेरे व भोजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ।
संवाद सहयोगी, हांसी : सामाजिक संस्थाएं कोरोना काल में समाज के प्रति अपने दायित्व का बखूबी निर्वाह कर रही हैं। जेसीआइ हांसी स्टार ने शनिवार को सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया, जिसमें 14 जरूरतमंद जोड़ों का विवाह करवाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जोड़ों व बारातियों ने मास्क लगाते हुए कोरोना नियमों का पालन किया। इस दौरान मुख्यअतिथि के रूप में विनोद भयाना व विशिष्ट अथिति के रूप में एसडीएम डा. जितेंद्र सिंह, सुरेंद्र बैनीवाल व निर्मला वर्मा मौजूद थी।
सामूहिक विवाह समारोह सभी परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। पंचायती रामलीला मैदान में सुबह 9 बजे स्वागत बारात के साथ विवाह कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद 10 बजे जय माला व आशीर्वाद की रस्मों को निभाया गया व 12 बजे फेरे व भोजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शहर के गणमान्य लोग भी शरीक हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कन्यादान की रस्म को निभाया। सभी जोड़ों को संस्था की तरफ से जरूरत का समान भी दिया गया है।
पंडाल में जोड़ों ने मास्क लगाकर फेरे लिए और एक-दूसरे को जिदगी भर साथ निभाने के वचन दिए। विधायक विनोद भयाना ने कहा कि जेसीआइ हांसी स्टार संस्था ने कोरोना के समय में समाज के प्रति अपने फर्ज निभाते हुए जरूरतमंद कन्याओं का विवाह करवाया है, जो बेहद ही प्रशंसनीय कार्य है। इस मौके पर संस्था के प्रधान जेसी प्रेम वर्मा, जेसी सुभाष जैन, जेसी राजेश बंसल, जेसी मोहन लाल बंसल, जेसी सतीश वर्मा सहित काफी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।