Sushant Singh Suicide : सुशांत को जमीन पर बैठ हाथ से खाना था पसंद, 19 साल पहले हिसार आए थे
19 साल पहले सुशांत सिंह हिसार आए थे। जीजा ओपी सिंह उस समय हिसार में एसपी होते थे। सुशांत हिसार रहने आए थे। दिनेश गोयल ने बताया सुशांत को जमीन पर बैठकर हाथ से खाना पसंद था।
हिसार, जेएनएन। बॉलीवुड स्टार सुशांत सिंह राजपूत 19 साल पहले हरियाणा के हिसार जिले में आए थे। उनके जीजा ओपी सिंह (जो वर्तमान में एडीजीपी हैं) तब हिसार में पुलिस अधीक्षक थे। सुशांत यहां पर रहने के लिए आए थे। उस समय सुशांत ने फिल्म इंडस्ट्री की दुनिया में कदम नहीं रखा था। वह उस समय पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दिनेश गोयल के घर पर भी आते-जाते थे। दिनेश गोयल बताते हैं कि सुशांत को नीचे बैठकर खाना काफी पसंद था। उस समय वह पढ़ाई करते थे। करीब दो माह वह हिसार रहे और घूमे।
दिनेश ने बताया कि ओपी सिंह से उनकी अच्छी दोस्ती थी और सुशांत के साथ उनकी बात होती थी। सुशांत उनके घर आते और उनके पास रहते भी थे। दिनेश ने बताया कि सुशांत का उस समय फिल्म इंडस्ट्री में जाने का कोई प्लान नहीं था। वह तो सिर्फ मस्ती करते और शाम को खाना खाते तो सुशांत बोलते थे कि उनको जमीन पर बैठकर हाथ से ही खाना पसंद है।
दिनेश ने बताया कि उनके जीजा ओपी सिंह जब बाद में हिसार आइजी बनकर आए तो उन्होंने बताया था कि सुशांत बॉलीवुड में चला गया है। दिनेश ने कहा कि सुशांत के आत्महत्या करने का जब उनको पता चला तो काफी दुख हुआ। वह अपने परिवार का काफी लाडला था। अपने जीजा के साथ रहना उनको काफी पसंद था और वह काफी समय उनके साथ बिताते थे।
2017 में हिसार एयरपोर्ट पर सुशांत की फिल्म ड्राइव की हुई थी शूटिंग
हिसार: सुशांत सिंह राजपूत का इस तरह जाना लोगों के लिए बड़ा सदमा है। सुशांत की फिल्म ड्राइव की शूटिंग में लोकेशन के लिए हिसार एयरपोर्ट को चुना गया। एयरपोर्ट के साथ यहां खड़े विमानों को भी फिल्म ड्राइव में दिखाया गया है। उस समय सुशांत के जीजा ओपी सिंह आइजी के पद पर हिसार में ही कार्यरत थे। वह अपने लोगों को नशामुक्ति जैसे अभियानों से जोड़ रहे थे।
उनके करीबी बताते हैं कि उस दौरान उनकी काफी बातचीत होती। समय मिलता तो वह अक्सर अपनी बहन व जीजा से मिलने भी आते। इससे पहले वर्ष 2016 में जब वह अपने जीजा ओपी सिंह से मिलने हिसार आए तो उनके साथ चंडीगढ़ भी गए। वहां आइजी ओपी सिंह के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से भी मुलाकात की।
तकनीक के जरिये शूटिंग में शामिल हुए थे सुशांत
हिसार एयरपोर्ट पर शूटिंग में सुशांत नहीं आए थे, उनको तकनीक के जरिये लोकेशन पर स्टूडियो में दिखाया गया था। इस फिल्म में एयरपोर्ट से जुड़े जितने भी सीन हैं, वह हिसार एयरपोर्ट पर ही शूट किए गए हैं।
मुझसे कहा था किसी खिलाड़ी की भूमिका अदा करना चाहता हूं : ओलंपियन पूनम मलिक
ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी हिसार की पूनम मलिक ने कहा कि 2015 में मैं दिल्ली के एक होटल में खेल विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत से मिली थी। मुझे आज भी उनकी बातें याद हैं कि जब उनसे बातचीत की, उन्होंने हमें कहा कि आप सभी खिलाड़ी हैं। खिलाड़ी बहुत संषर्घ करने वाले होता है। अपनी मेहनत यूं ही जारी रखना। आपको जीवन में बहुत सफलता मिलेगी। सुशांत से मुलाकात की यादें साझा करते हुए पूनम ने कहा कि सुशांत ने बातचीत में हमें कहा कि उनकी इच्छा है कि वे किसी खिलाड़ी के किरदार में रोल करें। उसके बाद उनकी क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी पर फिल्म आई। करीब 10 मिनट मैंने सुशांत से बातचीत की। बातचीत में वह बहुत सकारात्मक सोच व हंसमुख व्यक्ति थे।