हरियाणा में करीब 20 दिन बाद निकली करारी धूप, जानें आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि 29 जनवरी तक मौसम खुश्क रहेगा। लोगों को धूप निकलने से राहत मिलेगी। मगर धूप निकलने का समय हालांकि कम ही रहेगा।
जागरण संवाददाता, हिसार। प्रदेश में पिछले 20 दिनों से धूप ना निकलने से लोगों को सर्दी का काफी अहसास हो रहा था, 26 जनवरी को भी सुबह घरा कोहरा छा गया था, इसके बाद धूप भी निकली थी मगर बीच बीच में बादल भी आ रहे थे। मगर वीरवार की सुबह ही करारी धूप निकली, लोगों ने राहत की सांस ली। आगामी एक से दो दिनों में इसी प्रकार का मौसम रहने का आसार है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने बताया कि 29 जनवरी तक मौसम खुश्क रहेगा। लोगों को धूप निकलने से राहत मिलेगी। मगर धूप निकलने का समय हालांकि कम ही रहेगा। अभी एक से दो घंटे ही धूप निकल रही है। इसके साथ दिन के तापमान में बढ़ोतरी और रात्रि तापमान में गिरावट की संभावना है।
हिसार और नारनौल में गिरा तापमान
हिसार और नारनौल में रात्रि तापमान लगातार गिर रहा है। दोनों स्थानों पर प्रदेश में सबसे ठंडी रात है। यहां रात्रि तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी दिनों में और भी रात्रि तापमान गिरने की संभावना है। इसके साथ ही कई जिलों में कोल्ड डे जैसे अभी भी हालात बने हुए हैं। जहां दिन का तापमान सामान्य से काफी कमी है। मगर अब धूप निकलने से दिन का तापमान कम नहीं रहेगा और इसमें बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
फसलों को मिलेगा फायदा
फसलों के लिए यह मौसम बेहद फायदेमंद साबित होगा। क्याेंकि बिल्कुल ही धूप नहीं निकलने से फसलों में बीमारी आने लगती है, मगर धुंध और धूप आती रहे तो ऐसे में फसलों की बढ़ावर और उत्पादन ज्यादा रहता है। इस बार कई दिनाें तक धूप नहीं निकली तो सरसों में चेपा और गेहूं में पीला रतुआ बीमारी आ गई थी। लेकिन अब धूप निकलने से इस समस्या से समाधान मिल सकता है।