खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट फर्जीवाड़ा : हरियाणा में विभिन्न खेलों के प्रमाणपत्रों की जांच के लिए सूची हो रही तैयार
खेल ग्रेडेशन फर्जीवाड़े का मामला संज्ञान में आने के बाद सीआईडी यानि प्रदेश का खुफिया तंत्र भी जानकारी जुटा रहा है। भिवानी में खेल ग्रेडेशन से संबंध में पिछले करीब एक माह के दौरान सीआईडी की टीम ने जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय से जानकारी जुटाई है।
पवन सिरोवा, हिसार : प्रदेश में खेल ग्रेडेशन प्रमाणपत्रों को बनाने में बड़े स्तर पर धांधली सामने आने के बाद अब अधिकारी जो भी खेल ग्रेडेशन बना रहे है उसमें काफी इन्क्वायरी करके ही उसे बना रहे है, ताकि कहीं कोई अधूरी जानकारी में गलत न बन जाए। इतना ही नहीं जब से सीएम फ्लाइंग ने खेल ग्रेडेशन से संंबंधित दस्तावेज जुटाने शुरू किए है तब से अधिकारी भी हर खेल के अलग अलग ग्रेडेशन की जानकारी एकजुट कर रहे है। उनकी लिस्टें बना रहे है, ताकि निदेशालय, सीएम फ्लाइंग या स्टेट विजिलेंस तीनों में से जो भी डाटा मांगे वह तुरंत प्रदान किया जा सके। इसी कड़ी में अधिकारी निदेशालय से भी लगातार संपर्क साधे हुए है।
सीआईडी भी जुटा रही जानकारी
खेल ग्रेडेशन फर्जीवाड़े का मामला संज्ञान में आने के बाद सीआईडी यानि प्रदेश का खुफिया तंत्र भी इस मामले में जानकारी जुटा रहा है। भिवानी में खेल ग्रेडेशन से संबंध में पिछले करीब एक माह के दौरान सीआईडी की टीम ने जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय से जानकारी जुटाई है। ताकि सरकार को इस संबंध में रिपोर्ट भेजी जा सकें। ऐसे में खेल ग्रेडेशन का मामला इन दिनों प्रदेश में काफी चर्चाओं में है।
खेल मंत्री के माध्यम से पकड़ में आया यह भ्रष्टाचार
खेल ग्रेडेशन में भ्रष्टाचार का मामला खेलमंत्री सरदार संदीप सिंह के प्रयास से ही पकड़ में आया। एक सोशल मीडिया की शिकायत को उन्होंने गंभीरता से लिया और उनकी जांच के आदेश दिए। खेल निदेशक पंकज नैन ने मामले में गहन जांच की तो खेल ग्रेडेशन में भ्रष्टाचार का खुलासा हो गया। इसके बाद तो यह मामला अब स्टेट विजिलेंस से लेकर सीएम फ्लाइंग तक जांच का मुद्दा बना हुआ है।
----हमारे कार्यालय से खेल ग्रेडेशन के संबंधित जानकारी ली गई है। जो कर्मचारी यहां आए थे वे अपने आप को सीआईडी का बता रहे थे। उन्होंने जो जानकारी मांगी थी वह उन्हें दे दी थी।
- जेजी, बैनर्जी, जिला खेल एंव युवा कार्यक्रम अधिकारी, भिवानी।