अंतरजातीय विवाह मामला: एसपी से मिलने पहुंचा युवक, गांव में नजर बनाए बैठी पुलिस
उकलाना क्षेत्र के एक गांव की लड़का और लड़की घर से गायब हो गए थे। बाद में दोनों ने अंतरजातीय विवाह कर लिया था, जिसके बाद गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी।
हिसार/उकलाना, हिसार। उकलाना के एक गांव में लड़का और लड़की द्वारा अंतरजातीय विवाह करने के मामले में नया मोड़ आया है। प्रेम विवाह करने वाला युवक बुधवार को एसपी शिवचरण से मिलने पहुंच गया। वहीं सुरक्षा को लेकर युवक ने बातचीत की। क्योंकि सूत्रों के अनुसार युवक को पिता ने बेदखल कर दिया है तो वहीं युवती से परिजनों ने नाता तोड़ लिया है। ऐसे में माहौल तनाव का है। पुलिस गांव में उपजे विवाद पर पुलिस लगातार गांव में गश्त कर रही है और हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।
गौरतलब है कि उकलाना क्षेत्र के एक गांव की लड़का और लड़की घर से गायब हो गए थे। बाद में दोनों ने अंतरजातीय विवाह कर लिया था, जिसके बाद गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। रविवार को गांव में इस मामले में पंचायत हुई थी और उसके बाद यह चर्चा चल पड़ी थी कि ग्रामीणों ने लड़का-लड़की व लड़के के परिजनों से संबंध तोडऩे का ऐलान कर दिया था। जिसके बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया था और डीएसपी जयपाल सिंह ने संज्ञान लेकर पंचायती लोगों को पुलिस थाने में तलब कर लिया था।
उसके बाद गांव में ही सोमवार को दोबारा पंचायत हुई। जिसमें थाना प्रभारी कृष्ण कुमार भी पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस को लिखित में पत्र देकर बताया गया कि उन्होंने अंतर जातीय विवाह करने के मामले में किसी का भी सामाजिक बहिष्कार नहीं किया बल्कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंचायत बुलाई थी और पंचायत में दोनों पक्षों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समझाया गया था। उसके बाद पुलिस लगातार गांव में गश्त कर रही और ही गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।