नशा पकड़ने के मामले में नारकोटिक्स सेल से सिरसा सीआइए पीछे, चौपटा थाना में सबसे अधिक केस
नारकोटिक्स सेल सिरसा की टीम ने सीआइए से अधिक केस दर्ज किए हैं। सेल ने दस दिसंबर तक 123 केस दर्ज किए और 216 लोगों को गिरफ्तार किया है जोकि जिले में किसी भी एजेंसी व थाना का सबसे ज्यादा केस है।
जागरण संवाददाता, सिरसा : नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 12 माह में सिरसा में 406 केस दर्ज हुए हैं और 693 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। नारकोटिक्स सेल सिरसा की टीम ने सीआइए से अधिक केस दर्ज किए हैं। सेल ने दस दिसंबर तक 123 केस दर्ज किए और 216 लोगों को गिरफ्तार किया है जोकि जिले में किसी भी एजेंसी व थाना का सबसे ज्यादा केस है।
इसके बाद दूसरे नंबर पर सीआइए कालांवाली ने 62 केस व 106 लोगों को पकड़ा है। तीसरे नंबर पर सीआइए डबवाली का कार्य रहा है जिसने 61 केस में 105 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सीआइए सिरसा ने इस अवधि के दौरान 42 केस दर्ज करवाए हैं और 75 लोगों को तस्करी के मामले में पकड़ा है।
थानों का डाटा देखें तो सर्वाधिक केस नाथूसरी चौपटा थाना के रहे हैं। यहां 21 केस दर्ज हुए हैं और 27 लोगों को पकड़ा गया है। इसके बाद नंबर दो पर रानियां थाना रहा जिसने 12 एनडीपीएस एक्ट के केस दर्ज कर 16 लोगों को पकड़ा है। सदर डबवाली पुलिस ने 10 केस दर्ज कर 21 लोग पकड़े। सदर सिरसा पुलिस ने छह केस दर्ज कर नौ पकड़े जबकि सिटी सिरसा व बड़ागुढ़ा थाना पुलिस ने दो-दो केस दर्ज कर पाई।
ओढां थाना में सात, ऐलनाबाद थाना में पांच, डिंग थाना में तीन, सिविल लाइन थाना में तीन केस दर्ज हुए हैं। जिले में छह किलो 853 ग्राम हेरोइन, 54 किलो अफीम, 2021 किलो चूरापोस्त, आठ किलो गांजा, भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल व गोलियां पकड़ी गई हैं। ये 10 दिसंबर तक के आंकड़े हैं।