हिसार के ज्वेलर्स पर डिलीवरी देने आए कर्मचारी को अगवा कर हांसी में साढ़े 49 लाख लूटे
हिसार एफसी ज्वेलर्स की दिल्ली के करोलबाग में है ब्रांच वहां से डिलीवरी देने आया था हिसार। पैसे लेकर हिसार से सुबह 11 बजे कृष्णा बस से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था कर्मचारी
हिसार/हांसी, जेएनएन। हिसार के खजांचियन बाजार स्थित एफसी ज्वेलर्स पर आभूषणों की डिलीवरी करने आए कर्मचारी से हांसी में साढ़े 49 लाख रुपये की लूट हो गई। कर्मचारी गौरव करनाल के घरौंडा का रहने वाला है और दिल्ली के करोल बाग में एफसी ज्वेलर्स की ब्रांच में काम करता है। पुलिस ने कर्मचारी गौरव की शिकायत पर चार लुटेरों के खिलाफ जीरो एफआइआर दर्ज कर दिल्ली के पश्चिम विहार वेस्ट पुलिस थाना में भेज दी है। दिल्ली पुलिस और हांसी पुलिस दोनों मामले की जांच में जुटी हैं। पुलिस को कर्मचारी गौरव से हुई लूट की कहानी पर शक है और इसलिए कर्मचारी गौरव को संदेह के घेरे में लेकर मामले की जांच कर रही है। इस मामले में देर रात हांसी पुलिस की टीम दिल्ली रवाना हो गई है। पुलिस के अनुसार शनिवार को पूरे मामले का पटाक्षेप कर दिया जाएगा।
हिसार के एफसी ज्वेलर्स वालों की दिल्ली के करोलबाग में भी ब्रांच है। कर्मचारी गौरव करीब डेढ़ साल से यहां काम करता है। शनिवार को गौरव दिल्ली के करोल बाग से आभूषण लेकर हिसार के एफसी ज्वेलर्स पर डिलीवरी देने के लिए आया था। आभूषणों की डिलीवरी देने के बाद वह 49.50 लाख रुपये लेकर हिसार बस स्टैंड से सुबह 11 बजे कृष्णा बस से दिल्ली जा रहा था। गौरव ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि दोपहर को पीरागढ़ी के पास वह लघुशंका के लिए बस से उतरा। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसकी कमर में पिस्तौल लगा दी और गाड़ी में बैठने के लिए कहा। गाड़ी में पहले से तीन अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
चारों लुटेरों ने गाड़ी में बैठते ही उसका बैग छीन लिया व पिस्तौल के बल पर उसे गाड़ी की सीट के नीचे लिटा दिया। इसके बाद लुटेरों ने मारपीट कर गौरव को हांसी के बाइपास पर स्थित अमन ढाबा के पास छोड़ दिया। गौरव ने बताया कि उसका पर्स व मोबाइल फोन भी बदमाशों ने लूट लिए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व ज्वेलर्स कर्मचारी को थाने में ले आई। सिटी थाना पुलिस ने मामले में जीरो एफआइआर दर्ज कर दिल्ली के पश्चिम विहार वेस्ट पुलिस थाना में भेजी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल दिल्ली में है व आगामी कार्रवाई वहीं की पुलिस द्वारा की जाएगी।
देर रात हांसी पुलिस दिल्ली रवाना
वहीं इस मामले में जांच के लिए हांसी पुलिस दिल्ली रवाना हो गई है। पुलिस को गौरव की बताई कहानी पर शक है। इसी की जांच के लिए हांसी पुलिस की एक टीम दिल्ली पुलिस के साथ मामले की जांच के लिए रवाना हो गई है। वहीं एक टीम को कर्मचारी गौरव के घरौंडा में भी भेजा गया है।
पुलिस के शक की चार बड़ी वजह
1. कर्मचारी गौरव के बयान के अनुसार उसे पीरागढ़ी में लघुशंका हुई और उसने बस को रुकवाया।
2. लुटेरे दिल्ली में अगवा कर हांसी ही क्यों आए, जबकि दिल्ली व हांसी के बीच कई टोल टैक्स हैं।
3. गौरव ने जब पुलिस को बयान दिए तो उसके हाव-भाव बदल रहे थे।
4. गौरव को लुटेरों ने क्यों जाने दिया, जबकि गौरव लुटेरों के चेहरे पहचानता था।
जीरो एफआइआर दर्ज की है
लूट के बाद गौरव ने बताया कि उसे दिल्ली से अगवा कर बाइपास पर लुटेरों ने मारपीट कर छोड़ दिया व 49.50 लाख रुपये लूट ले गए। इस मामले में जीरो एफआइआर दर्ज की गई है। मामले में कर्मचारी को दिल्ली से अगवा किया गया है तो आगामी जांच वहीं की पुलिस करेगी। - रामपाल, इंचार्ज, किला बाजार पुलिस चौकी।
--कर्मचारी से लूट की जानकारी मिली है। करोल बाग स्थित एफसी ज्वेलर्स से कर्मचारी शुक्रवार सुबह आभूषण लेकर उनको डिलीवरी देने आया था। उसके बाद वह सुबह 11 बजे कृष्णा बस सर्विस से दिल्ली रवाना हो गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- फकीर चंद, संचालक एफसी ज्वेलर्स।