रामभक्तों ने सिरसा में निकाली भव्य रैली, जयश्री राम के जयकारों से गूंजा शहर, बरसाए फूल
सिरसा शहर के नेहरू पार्क से आरंभ हुई इस रैली में मोटरसाइकिलों जीपों व अन्य वाहनाें पर सैंकड़ाें की संख्या में राम भक्तों ने भाग लिया। मुख्य बाजारों में जब यह रैली पहुंची तो जगह जगह पुष्प वर्षा का रामभक्तों का स्वागत किया गया।
सिरसा, जेएनएन। अयोध्या में बनने वाले भगवान श्री राम के मंदिर को लेकर रविवार को शहर में राम भक्तों द्वार मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। नेहरू पार्क से आरंभ हुई इस रैली में मोटरसाइकिलों, जीपों व अन्य वाहनाें पर सैंकड़ाें की संख्या में राम भक्तों ने भाग लिया। मुख्य बाजारों में जब यह रैली पहुंची तो जगह जगह पुष्प वर्षा का रामभक्तों का स्वागत किया गया। रामभक्त जय श्री राम, जय श्री राम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
नेहरू पार्क से रामभक्तों की रैली शुरू हुई, जिसमें युवा, बुजुर्ग, बच्चे, महिलाओं ने भाग लिया। रामभक्त हाथों में धर्मध्वजा उठाए हुए जय श्री राम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। नेहरूपार्क से शुरू होकर मोटरसाइकिल रैली अनाजमंडी में पहुंची। जहां से शिव चौक, सुरतगढ़िया बाजार, घंटाघर चौक, भगत सिंह चौक, भादरा बााजर, बेगू रोड, आर्य समाज रोड, सदर बाजार, सुभाष चौक, जगदेव सिंह चौक होते हुए वापस नेहरू पार्क में संपन्न हुई। रैली में शामिल रामभक्तों का उत्साह देखते ही बनता था।
राम धुन पर भक्त झूमते हुए चल रहे थे। बाजारों में जगह जगह लोगों व दुकानदारों ने रामभक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस मौके पर सतीश निर्मल, विश्व हिंदू परिषद के विभागाध्यक्ष बृजमोहन शर्मा, सुरेंद्र मल्होत्रा, संजीव काठपाल, बलराज बीडीपीओ, सुरेंद्र आर्य, तेजेंद्र प्रताप सिंह, हरीओम भारद्वाज, रेणू शर्मा, भीम सैन, सुमन शर्मा, रजत मित्तल, कृष्ण बोहरा, ओमप्रकाश बांसल, रमेश गुलाटी, रमेश जैन सहित अनेक लोग शामिल थे।
बृजमोहन शर्मा ने कहा कि शोभा यात्रा को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखा गया। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का मंदिर प्रत्येक हिंदू का सपना है और वह सपना लंबी तपस्या के बाद सच होने जा रहा है। लोग राम मंदिर के निर्माण को लेकर उत्साहित हैं और अपनी ओर से हर संभव सहयोग कर रहे हैं।
----------शोभायात्रा में अनेक वयोवृद्ध रामभक्त भी शामिल हुए जिन्होंने राममंदिर निर्माण के लिए निकाली गई कार सेवा में भाग लिया था। अब वे अपनी आंखों से राममंदिर निर्माण होता देखकर खुद को धन्य महसूस कर रहे हैं। ऐसे रामभक्तों में कृष्ण बोहरा, ओमप्रकाश, रमेश गुलाटी, बृजमोहन शर्मा, संजीव काठपाल इत्यादि शामिल है।