रोहतक में राज्यसभा सदस्य डा. सुशील गुप्ता बोले, कांग्रेस में सीएम पद को लेकर खींचतान
रोहतक में डा. गुप्ता ने कहा कि पंजाब में भाजपा का कोई जनाधार नहीं है कांग्रेस में सीएम पद को लेकर खींचतान चल रही है। उन्होंने इनेलो नेता अभय चौटाला के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इनेलो और अकाली दल का भाजपा से ही एलायंस हो जाता है।
रोहतक, जागरण संवाददाता। पंजाब चुनाव में स्पष्ट बहुमत से आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। पार्टी के राज्यसभा सदस्य एवं हरियाणा के सह प्रभारी डा. सुशील गुप्ता ने बुधवार को प्रेसवार्ता के दौरान यह दावा किया है। वे रोहतक में नया बस स्टैंड के निकट स्थित पार्टी कार्यालय में बातचीत कर रहे थे। डा. गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी ही ऐसी पार्टी है जिसने चुनाव से पहले ही पंजाब में अपना मुख्यमंत्री का चेहरा भगवंत मान के रूप में घोषित किया है। पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री का यह चेहरा खुद पंजाब की जनता ने ही तय किया है।
राज्यसभा सदस्य डा. सुशील गुप्ता ने रोहतक में प्रेसवार्ता में किया दावा
डा. गुप्ता ने कहा कि पंजाब में भाजपा का कोई जनाधार नहीं है और कांग्रेस में सीएम पद को लेकर खींचतान चल रही है। उन्होंने इनेलो नेता अभय चौटाला के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इनेलो और अकाली दल का भाजपा से ही एलायंस हो जाता है। चाहे प्री इलेक्शन हो या पोस्ट इलेक्शन। डा. गुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी ने गोवा चुनाव में भी सीएम के लिए चेहरा तय कर दिया है। वहां भी जनता की ओर से सीएम का चेहरा तय किया गया है।
ये लोग रहे मौजूद
उत्तराखंड में भी मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर दिया जाएगा। आम आदमी पार्टी धर्म और जाति को छोड़कर काम पर फोकस करती है। काम के आधार पर भी जनता दरबार में जाती है। दिल्ली में कराए गए आम आदमी पार्टी के कार्याें को देश भर में सराहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बेरोजगारी चरम पर है। युवाओं को रोजगार नहीं दिया जा रहा है। पिछले सात साल में प्रदेश में नए उद्योग स्थापित नहीं हुए हैं। प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। आए दिन नए घोटाले सामने आ रहे हैं। हरियाणा और पंजाब में भाजपा अपना विश्वास खो चुकी है। वहीं, बुधवार को अनेक कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी का दामन भी थाम लिया। इस अवसर पर उनके साथ लवलीन टुटेजा, महाराज सिंह आदि भी मौजूद रहे।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता है जयहिंद
नवीन जयहिंद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता है। वे पहले आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष थे। उनके मन में युवाओं को वर्तमान सरकार में रोजगार न मिलने का दर्द है। वो कोई भी आंदोलन करें हम सब उनके साथ है। वर्तमान भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार छीनने का काम किया है, जो अच्छी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश को पार्टी ने चार जोन में पार्टी ने बांटा हुआ है और चार प्रदेश अध्यक्ष है।