गेहूं की फसल के लिए वरदान साबित होगी बारिश, बढ़ेगी पैदावार, किसान खुश
फतेहाबाद में बूंदाबांदी होने से किसानों को बडी राहत मिली है। इससे तापमान होने से सर्दी बढ़ गई है। शनिवार को बरसात के साथ -साथ तेज शीत हवाएं भी चल रही हैं जिससे हाड कंपा देने वाली ठिठुरन बनी हुई है।
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। शनिवार को जिले में पश्चिमी विक्षोभ के चलते पूरे दिन रूक-रूक कर बूंदाबांदी होती रही। यह बारिश गेहूं सहित अधिकांश फसलों के लिए लाभदायक है। इससे किसान खुश दिखाई दिए। किसानों व कृषि विभाग का कहना है कि ये बारिश फसलों में खाद का काम करेगी। इससे गेहूं की फसल को अच्छी बढ़वार मिलेगी। वहीं बारिश के साथ पूर्वाई हवा करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने से मौसम में ठिठुरन बढ़ गई। बाजार में पूरे दिन सन्नाटा रहा। लोग सब्जी खरीदने तक नहीं आए। सरकारी कार्यालयों का अवकाश होने से बाजार शांत रहा। अधिकांश लोग घरों पर रहे। दिन का अधिकतम तापमान 14 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्यिसस रहा।
इस पिछले 20 दिनों दिन में सूर्य के दर्शन नहीं हो रहे। एकाध दिन को छोड़कर अधिकांश दिन बादलवाई रही। इस दौरान तीन बार बूंदाबांदी होने से किसानों को बडी राहत मिली है। इससे तापमान होने से सर्दी बढ़ गई है। शनिवार को बरसात के साथ -साथ तेज शीत हवाएं भी चल रही हैं, जिससे हाड कंपा देने वाली ठिठुरन बनी हुई है। शुक्रवार देर रात तक भी बादलवाई होने के साथ फुहारे पड़ती रही। बादलवाही के कारण व्रत रखने वाली महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि चांद अपने समय पर प्रकट हुए, लेकिन चंद्रमा को अघ्र्य देने के लिए अधिकतर जगहों पर महिलाओं को रात 12 बजे तक इंतजार करना पड़ा, पूरे जिले में यही हाल रहा। लोग रिश्तेदारियों में फोन कर चांद निकलने बारे सूचनाएं लेतेे रहे। कई जगह तो चंद्रमा को वीडियो कॉल्स पर अघ्र्य दिया गया। पिछले लगभग 20 दिनों से बारिश और बादलों का ही मौसम बना रहने के लिए मौसम में काफी नमी बन गई हैं।
किसानों का कहना अब यूरिया मिले जाए तो कर दे छिड़काव
जिले में यूरिया का 95 फीसद काेटा आने के बाद भी यूरिया का संकट बना हुआ है। बारिश होने के बाद किसान यूरिया खेत में डालना चाहते है, ताकि फसल को अधिक फायदा मिले। लेकिन किसानों को यूरिया नहीं मिल रही। इससे परेशान है। किसानों का कहना है कि यूरिया मिल जाए तो उनके लिए सोने पर सुहागा जैसा हो जाए। लेकिन सरकार की नीति की वजह से उनको परेशान कर दिया।
75 फीसद रकबे में गेहूं, किसान खुश
जिले में पिछले 20 दिनों से बेशक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इससे किसान बिल्कुल भी परेशान नहीं है। नहरबंदी अब अधिक होने से किसानों को बारिश ने ही राहत दी हुई है। जिले में 75 फीसद रकबे में गेहूं की खेती की हुई है। ऐसी बूंदाबांदी से होने वाली बारिश गेहूं के लिए बड़ी फायदेंमंद है। वहीं कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि किसान फसलों की सही से देखभाल करें।
जिले में ये हुई बारिश
तहसील बारिश एमएम में
फतेहाबाद 3
रतिया 5
टोहाना 2
भट्टूकलां 5
भूना 3
कुलां 2
जाखल 3
24 तक रहेगा मौसम परिवर्तनशील
एचएयू के मौसम वैज्ञानिक डा. एमएल खिचड़ ने बताया कि प्रदेश में 24 जनवरी तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान बादलवाई के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। ऐसे में किसान फसलों की नियमित देखभाल करें। जरूरत के अनुसार फर्टीलाइजर का छिड़काव करें। बिना जरूरत के फर्टीलाइजर न डाले।