आरटीआइ दस्तावेजों की प्रदर्शनी लगाकर जताया रोष
जासं हिसार मनरेगा घोटाले में कार्रवाई की मांग को लेकर लघुसचिवालय पर गांव बीड़ ढंढ
जासं, हिसार : मनरेगा घोटाले में कार्रवाई की मांग को लेकर लघुसचिवालय पर गांव बीड़ ढंढूर के ग्रामीणों व ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का शुक्रवार को चौथे दिन बेमियादी धरना जारी रहा। धरने की अध्यक्षता ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के वयोवृद्ध किसान नेता डा. खुशीराम ने की। इस दौरान धरना स्थल पर आरटीआइ से प्राप्त मनरेगा घोटाले के दस्तावेजों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें विस्तार से मनरेगा घोटाले के बारे में बताया गया। किसान नेता डा. खुशीराम ने कहा कि देश की आजादी के 70 वर्ष बाद मजदूर आंदोलन के द्वारा देश के मजदूर वर्ग केवल न्यूनतम मजदूरी से कम मजदूरी की भारत सरकार ने मनरेगा योजना शुरू की। इसमें केवल एक वर्ष में सौ दिन हर परिवार को काम दिया गया, लेकिन उसको भी गांव व जनता का अपना नुमाइंदे गबन कर जाते हैं। इसका जीता जागता उदाहरण ग्राम पंचायत बीड़ ढंढूर है। इस प्रशासनिक तानाशाही के खिलाफ मजदूर, किसान व मेहनतकश जनता को लामबंद होना होगा। धरने पर मुख्य रूप से किसान खेत मजदूर के जिला सचिव हवासिंह संघर्ष, संगठनकर्ता जयसिंह ढंढूर, मुंशीराम, सुरजी देवी, देवीराम जींद संयोजक, सीमा बाई, दीपक, सूरज, एचएस राजेश, भजनलाल, रामस्वरूप, सूरज कुमार सहित भारी संख्या में ग्रामीण व पदाधिकारी मौजूद रहे।