हिसार की घटना में घायल किसानों से मिलने रामायण टोल प्लाजा पर पहुंची पंजाबी एक्ट्रेस सोनिया मान
एक्ट्रेस सोनिया किसान आन्दोलन के समर्थन में रामायण टोल प्लाजा पर पहुंची। इस दौरान उन्होंने कहा है कि वो जितना सुरक्षित खुद को पंजाबी आंदोलन के बीच टीकरी बॉर्डर पर महसूस करती हैं उतना शायद अपनी गली में भी नहीं करती होंगी।
हिसार/हांसी, जेएनएन। पंजाबी, मलयाली व तेलगू फिल्मों की एक्ट्रेस सोनिया किसान आन्दोलन के समर्थन में रामायण टोल प्लाजा पर पहुंची। इस दौरान उन्होंने कहा है कि वो जितना सुरक्षित खुद को पंजाबी आंदोलन के बीच टीकरी बॉर्डर पर महसूस करती हैं, उतना शायद अपनी गली में भी नहीं करती होंगी। सोनिया मान ने ये बात टीकरी बॉर्डर पर बंगाल से आयी एक्टिविस्ट के साथ हुए दुष्कर्म की घटना के बारे में पूछे जाने पर कही। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में ऐसा कुछ नहीं हुआ।
वह खुद वहां 5 महीनों से रह रही हैं और पूरी तरह से सुरक्षित हैं। रविवार को हिसार में किसानों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद घायल हुए किसानों से मिलने सोनिया मान हिसार पहुंची। वह सबसे पहले रामायण टोल प्लाजा पर गयी और वहां बैठे किसान आंदोलनकारियों से मिली। वहां कुछ घायल किसानों का उन्होंने हालचाल जाना। इसके बाद वह पास ही के एक गांव में एक घायल महिला से मिलने पहुंची जिसे इस झड़प के दौरान सिर पर चोट लगी थी। घायल महिला से सोनिया मान ने हालचाल जाना और अपनी तरफ से 11 हजार रुपये की मदद भी की। इसके बाद वह चंडीगढ़ रोड स्थित टोल प्लाजा पर भी गयी और वहां भी कुछ घायल किसान आंदोलकारियों से मिली।
इस हिंसक घटना पर सोनिया मान ने कहा कि पुलिस ने जिस तरह से किसानों पर अटैक किया है वो गलत है। ये इंसानियत वाली बात नहीं है। सीएम और बीजेपी का जब विरोध हो रहा है तो उन्हें जनता के बीच आना ही नहीं चाहिए और कम से कम उन्हें अपने वोटों का ख्याल रखना चाहिए, क्योंकि इन्हीं लोगों से वो भविष्य में वोट मांगने जायेंगे। सोनिया ने साथ ही कहा कि पुलिस कर्मियों किसानों को पीटने के बजाये उनकी रक्षा करनी चाहिए।
कोरोना महामारी के समय में किसान आंदोलन को स्थगित करने के सवाल पर सोनिया ने कहा कि किसान आंदोलन को स्थगित करने की कोई जरूरत नहीं है। इस आंदोलन में कहीं भी कोरोना नहीं फैल रहा। सरकार को कोरोना से निपटने के लिए बेहतर प्रबंध करने चाहिए। उन्होंने एक बात ये भी कही कि हरियाणा में पैदा होने वाली आक्सीजन हरियाणा को ही मिलनी चाहिए न कि इसे दूसरे राज्यों में भेजना चाहिए। सोनिया मान ने पंजाबी फिल्म इंडस्ट्रीज द्वारा कोरोना महामारी में लोगों की मदद पर कहा कि जिससे जितना हो पा रहा है वो उस हिसाब से मदद कर रहा है। सिख समाज पूरी तरह से जन सेवा में लगा हुआ है