गणतंत्र दिवस के चलते कल सुबह छह बजे से 32 घंटे के लिए बंद रहेगी मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग
गणतंत्र दिवस की वजह से दो दिन आपको असुविधाओं का सामना करना पड़ सकता है। गणतंत्र दिवस की सुरक्षा व्यवस्था चौकस करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कार्पाेरेशन (डीएमआरसी) की ओर से कुछ स्टेशनों पर ट्रेन सेवाओं को आंशिक रूप से रेग्युलेट किया है।
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़: अगर आप दिल्ली मेट्रो से सफर करते हैं तो गणतंत्र दिवस की वजह से दो दिन आपको असुविधाओं का सामना करना पड़ सकता है। गणतंत्र दिवस की सुरक्षा व्यवस्था चौकस करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कार्पाेरेशन (डीएमआरसी) की ओर से कुछ स्टेशनों पर ट्रेन सेवाओं को आंशिक रूप से रेग्युलेट किया है। साथ ही मंगलवार सुबह छह बजे से 32 घंटे के लिए पार्किंग सेवाएं भी बंद की गई हैं। दिल्ली के साथ-साथ सभी मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग 25 जनवरी को सुबह छह बजे से 26 जनवरी को दोपहर दो बजे तक बंद रहेंगी। इस दौरान सभी पार्किंग स्थल पर सफाई अभियान चलाया जाएगा।
मेट्रो ट्रेन सेवाओं में भी बदलाव देखने को मिलेगा। इस बदलाव के चलते मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को थोड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। डीएमआरसी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर जारी सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मेट्रो ट्रेन सेवाओं को चुनिंदा मेट्रो स्टेशनों पर विनियमित किया जाएगा। लाइन नंबर दो (हुडा सिटी सेंटर-समयपुर बादली) के केंद्रीय सचिवालय व उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन पर 26 जनवरी को सुबह से लेकर दोपहर 12 बजे एंट्री और एग्जिट सेवा बंद रहेगी।
सुबह पौने नौ बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक पटेल चौक और लोक कल्याण मार्क मेट्रो स्टेशनों पर भी एंट्री और एग्जिट बंद रहेगी। केंद्रीय सचिवालय स्टेशन का इस्तेमाल सिर्फ लाइन दो और लाइन छह के यात्रियों के इंटरचेंज के लिए किया जा सकेगा
बीटिंग रिट्रीट समारोह के लिए भी मेट्रो सेवा रहेगी प्रभावित:
बीटिंग रिट्रीट समारोह 29 जनवरी को होगा। इस दिन बीटिंग रिट्रीट के अवसर पर लाइन दो (हुडा सिटी सेंटर-समयपुर बादली) के केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशनों पर मेट्रो सेवाएं दोपहर दो बजे से शाम साढ़े छह बजे तक उपलब्ध नहीं रहेंगी। हालांकि इस अवधि के दौरान केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर लाइन दो से लाइन छह (कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह) यात्रियों के लिए इंटरचेंज की अनुमति होगी। इन स्टेशनों पर शाम साढ़े छह बजे के बाद सामान्य सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।