पंजाब से नशाखोरी को उखाड़ फेंकने के लिए जोरदार जनजागरण अभियान चलाएगी काजला खाप
जागरण संवाददाता हिसार पंजाब से नशाखोरी को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए राष्ट्रीय काजल
जागरण संवाददाता, हिसार : पंजाब से नशाखोरी को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए राष्ट्रीय काजला खाप जन जागरण अभियान चलाएगी। यह निर्णय जिला संगरूर के गांव भूटाल कलां स्थित बीके मैरिज पैलेस में रविवार को आयोजित खाप के राष्ट्रीय सम्मेलन में लिया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता खाप के अध्यक्ष राजमल काजल ने की। इसमें पंजाब सहित हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, यूपी व उत्तराखंड के काजला बंधुओ ने भाग लिया।
सम्मेलन में खाप के राष्ट्रीय संरक्षक धर्मवीर काजला मुख्यातिथि थे। सम्मेलन में उपस्थित काजला बंधुओं को खाप के पूर्व निर्णय की याद दिलाते हुए दोहराया गया कि बलात्कार या कन्या भू्रण हत्या जैसे संगीन अपराध में अगर कोई दोषी पाया गया तो उसका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। दहेज की मांग न करने, उत्सवों में सार्वजनिक स्थानों पर डीजे का प्रयोग न करने और हर्ष फायरिग पर रोक लगाने का निर्णय भी सम्मेलन में लिया गया। सम्मेलन में सर्वसम्मति से पारित एक अन्य प्रस्ताव में अब तक की सभी केंद्रीय सरकारों पर किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य न देने और कृषि क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाया गया। बीजेपी ने सत्ता में आने के लिए किसानों से अनेक वादे किए थे, लेकिन एक भी चुनावी वादे पर खरा नहीं उतरी। एमएसपी की गारंटी देने में कोई कानूनी अड़चन न होने का दावा करते हुए केंद्रीय सरकार से मांग की गई क वह राजहठ छोड़कर उन किसान यौद्धाओं को राहत दें, जिन्होंने कोरोना काल में उद्योग, व्यापार, होटल, अस्पताल और यहां तक की मंदिर मस्जिद भी बंद होने के बावजूद किसानी को कायम रखकर देश को बचाया। किसान आंदोलन का पूरी तरह से समर्थन करते हुए सरकार से तुरंत किसानों की मांगों का समाधान करने की मांग प्रस्ताव में की गई।
सम्मेलन में मीडिया के कोराना यौद्धाओं व काजला गोत्र की उन विभूतियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करके काजला गौत्र का नाम चमकाने का काम किया। सम्मेलन में संरक्षक धर्मवीर काजला, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजमल काजल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन रामपाल, सलाहकार सूरजभान, पंजाब के अध्यक्ष डा. मनोज काजल, नायब सिंह काजल, प्रमोद काजल, लीलाराम क्रोदा, मनदीप सिंह झांडी, सुभाष बंगा, राजेश बंगा व प्रदीप काजल ने विचार रखे और भाईचारा बनाए रखने व सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का आह्वान किया।