बाल दिवस पर 10 से 30 अक्टूबर तक खंड स्तर पर आयोजित की जाएंगी ऑनलाइन प्रतियोगिताएं
जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा बाल दिवस के अवसर पर बच्चों व युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कोविड-19 महामारी में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते सभी प्रतियोगिताएं ऑनलाइन होंगी।
जागरण संवाददाता, हिसार: जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा बाल दिवस के अवसर पर बच्चों व युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कोविड-19 महामारी में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते सभी प्रतियोगिताएं ऑनलाइन होंगी। उपायुक्त डा. प्रियंका सोनी ने बताया कि 10 से 30 अक्टूबर तक बाल दिवस-2020 के उपलक्ष्य में ब्लॉक स्तर पर ऑनलाइन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन प्रतियोगिता में जिला के 5 से 18 वर्ष आयु के बच्चों व युवा भागीदारी कर सकते हैं। कुल 23 श्रेणियों की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें एकल नृत्य क्लासिकल प्रतियोगिता, एकल नृत्य फिल्मी, एकल नृत्य फोक, नृत्य क्लासिकल, ग्रुप नृत्य फिल्मी, ग्रुप नृत्य फोक, फैंसी ड्रैस, श्रेष्ठ ड्रामेबाज, क्ले मॉडलिग, कार्ड बनाना, दीपक/ मोमबत्ती सजावट, स्केच प्रतियोगिता, पोस्टर, देशभक्ति ग्रुप गीत, निबंध, डेक्लामेशन, एकल गीत, देशभक्ति एकल गीत, कलश सजावट, रंगोली, फेस पेंटिग, फोटोग्राफी, बेबी शो आदि प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इस संबंध में जिला बाल कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता पर कुछ नियम एवं शर्तें लागू की गई हैं। इस संबंध में उनके कार्यालय पर अधिक जानकारी ली जा सकती है।